दिल्ली सरकार के स्कूलों ने रचा इतिहास, 10वीं में पास प्रतिशत बढ़कर हुआ 97.27%
दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने 2026 के सीबीएसई 10वीं परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया है। इस वर्ष पास प्रतिशत 97.27% रहा, जो पिछले साल से 1.32% अधिक है और ...और पढ़ें

दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने 2026 के सीबीएसई 10वीं परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सीबीएसई 10वीं के परिणाम 2026 में दिल्ली सरकार के स्कूलों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की है। इस वर्ष सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 97.27 रहा, जो पिछले वर्ष 95.95 प्रतिशत की तुलना में 1.32 प्रतिशत अधिक है।
खास बात यह है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों का परिणाम इस बार देशभर के सीबीएसई औसत से 3.57 प्रतिशत अधिक रहा, जो राजधानी की शिक्षा व्यवस्था में आए सुधार को दर्शाता है। देशभर में इस वर्ष कुल 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
इस वर्ष दिल्ली सरकार के स्कूलों से कुल 1,86,667 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और सफलता का जश्न मनाया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और बेहतर शैक्षणिक माहौल का संयुक्त परिणाम है।
यदि पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सरकारी स्कूलों के परिणाम में लगातार सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2025 में पास प्रतिशत 95.95, वर्ष 2024 में 94.20 प्रतिशत और वर्ष 2023 में 85.84 प्रतिशत रहा। अब 2026 में यह आंकड़ा 97.27 प्रतिशत तक पहुंचकर एक मजबूत प्रदर्शन को दर्शा रहा है। हालांकि, वर्ष 2021 में कोरोना के कारण विशेष मूल्यांकन पद्धति के चलते पास प्रतिशत 97.52 तक पहुंच गया था, लेकिन सामान्य परिस्थितियों में भी वर्तमान परिणाम उस स्तर के करीब पहुंचता दिख रहा है।
खबरें और भी
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली सरकार द्वारा स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार, स्मार्ट क्लासरूम, नियमित मूल्यांकन प्रणाली और शिक्षकों के प्रशिक्षण पर दिए जा रहे जोर का सकारात्मक असर अब परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा, छात्रों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बेहतर मार्गदर्शन भी इस सफलता में अहम भूमिका निभा रहा है।
कुल मिलाकर, दिल्ली के सरकारी स्कूलों का यह परिणाम न केवल राजधानी के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बनकर उभर रहा है। शिक्षकों के मुताबिक सही नीतियों और प्रयासों से सरकारी शिक्षा प्रणाली में भी उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई। आपका यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल आपकी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है, बल्कि हमारे शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सतत सहयोग का भी प्रतीक है। आप सभी ने दिल्ली का मान बढ़ाया है।
जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई, वे निराश न हों। शिक्षा का उद्देश्य केवल परिणाम नहीं, बल्कि निरंतर सीखना और आगे बढ़ना है। आत्मविश्वास के साथ दोबारा प्रयास करें-हम सब आपके साथ हैं और आपका उज्ज्वल भविष्य आपका इंतजार कर रहा है। - आशीष सूद, शिक्षा मंत्री, दिल्ली सरकार
सरकारी स्कूलों का 10वीं पास प्रतिशत
| वर्ष | 10वीं पास प्रतिशत |
|---|---|
| 2026 | 97.27 |
| 2025 | 95.95 |
| 2024 | 94.20 |
| 2023 | 85.84 |
| 2022 | 81.27 |
| 2021 | 97.52 |
| 2020 | 82.61 |
| 2019 | 71.58 |
यह भी पढ़ें: 'सरकारी रिकॉर्ड में ट्रांसजेंडर की पहचान पर अपना रुख स्पष्ट करें', केंद्र सरकार से दिल्ली HC ने मांगा जवाब