विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में H1N1 के 2,308 मामले, इन्फ्लूएंजा के केस 3,000 पार; CM रेखा गुप्ता ने बुलाई आपात बैठक

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:44 PM (IST)

दिल्ली में एच1एन1 के 2,308 और कुल इन्फ्लूएंजा के 3,000 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री रेखा ...और पढ़ें

HighLights

  1. दिल्ली में एच1एन1 के 2,308 मामले, कुल इन्फ्लूएंजा 3,000 पार।

  2. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एच1एन1 स्थिति पर आपात बैठक बुलाई।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने मास्क, सामाजिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में एच1एन1 संक्रमण के मामले बढ़कर 2,308 हो गए हैं। अन्य वैरिएंट के भी करीब 650 मामले सामने आने के साथ दिल्ली में इन्फ्लूएंजा संक्रमण का आंकड़ा 3,000 पार कर गया है। संक्रमण में तेजी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एच1एन1 की स्थिति पर आपात समीक्षा बैठक बुलाई है।

इससे पहले मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. पंकज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एच1एन1 और वेक्टर जनित बीमारियों की स्थिति व तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और पैनिक होने की आवश्यकता नहीं।

अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, स्टाफ और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही चेतावनी दी कि मरीज को बेड नहीं देने की शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दावा किया कि दिल्ली में एच1एन1 से अभी तक कोई मौत नहीं हुई है और कोई मरीज वेंटिलेटर या आइसीयू में नहीं है।

प्रमुख अस्पतालों में उपचार और निगरानी

दिल्ली के सफदरजंग, आरएमएल समेत प्रमुख सरकारी अस्पतालों में एच1एन1 और फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए उपचार और निगरानी की व्यवस्था की गई है। छह अगस्त तक दिल्ली में एच1एन1 के करीब 1,386 मामले सामने आ चुके थे। इसके बाद संक्रमण की रफ्तार और बढ़ी। 20 अगस्त को एक ही दिन में इन्फ्लूएंजा के 159 नए मामले मिले, जिनमें 114 एच1एन1 के थे। अस्पतालों में भर्ती मरीजों में अधिकांश उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 21 अगस्त को दिल्ली की एच1एन1 स्थिति और अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा की थी। बैठक में आइएलआइ (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस), एसएआरआइ (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन), जांच, प्रयोगशाला निगरानी, बेड, क्रिटिकल केयर, आक्सीजन सपोर्टेड बेड, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई थी।

नोएडा में 120, गाजियाबाद में नौ मामले

एनसीआर में भी एच1एन1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नोएडा में मंगलवार तक स्वास्थ्य विभाग को स्वाइन फ्लू के 106 नए मरीज मिले हैं। इससे जिले में कुल मरीजों की संख्या 120 हो गई है। सीएमओ डा. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने सभी अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाकर मरीजों की निगरानी की जा रही है।

ऑनलाइन मेडिसिन विभाग की डा. आद्या सिंह ने बताया कि वायरल संक्रमण से ग्रस्त बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोगों की ओपीडी में संख्या बढ़ रही है। दो-तीन दिन से ज्यादा बुखार, सांस लेने में तकलीफ या शरीर में दर्द की शिकायत की संख्या बढ़ी है। डाक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाएं लेकर न खाने की सलाह दी जा रही है।

फरीदाबाद में स्वाइन फ्लू के चार मामले

गाजियाबाद में अब तक नौ मामले मिले हैं। इनमें अप्रैल से 16 अगस्त के बीच मिले दो मरीज माइल्ड संक्रमण वाले थे और स्वस्थ हो चुके हैं। 16 अगस्त के बाद सात नए मामले मिले हैं, जिनमें तीन अस्पताल में भर्ती हैं और चार स्वस्थ हो चुके हैं।
फरीदाबाद में अब तक चार स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं।

सभी मरीजों का दिल्ली आना-जाना रहा है और निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में छह बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सोनीपत में अभी एच1एन1 का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है।

डेंगू के भी करीब 2,200 मामले

दिल्ली में एच1एन1 के साथ डेंगू पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य मंत्री डा. पंकज सिंह के अनुसार डेंगू के करीब 2,200 मामले सामने आ चुके हैं। बताया कि डेंगू के मरीज भी उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं।

मास्क लगाने, दो गज की दूरी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने, दो गज की शारीरिक दूरी रखने और श्वसन स्वच्छता का पालन करने की सलाह दी है। बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण होने पर सार्वजनिक स्थानों से दूरी रखने और चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में AI से बनाई नाबालिग की अश्लील फोटो, ढाई साल तक किया ब्लैकमेल; एसिड अटैक की धमकी भी दी