दिल्ली में AI से बनाई नाबालिग की अश्लील फोटो, ढाई साल तक किया ब्लैकमेल; एसिड अटैक की धमकी भी दी
सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग से मिलने से इनकार करने पर आरोपी ने एआई से अश्लील फोटो बनाई। ...और पढ़ें

एआई से बनाई नाबालिग की अश्लील फोटो। फोटो: सांकेतिक
HighLights
नाबालिग को एआई-जनरेटेड अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल किया गया
आरोपी ने ढाई साल में 1.2 लाख रुपये वसूले, धमकियां दीं
मोहन गार्डन पुलिस ने आरोपी अजय दुबे को दिल्ली से पकड़ा
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती के बाद जब नाबालिग लड़की ने आरोपित से मिलने से इनकार कर दिया तो उसने उसकी छवि खराब करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से अश्लील फोटो तैयार कर ली।
इसके बाद फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह करीब ढाई साल तक नाबालिग को ब्लैकमेल करता रहा। आरोपित ने इस दौरान उससे करीब 1.2 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपित ने लड़की को उसके पिता और चाचा की हत्या करने और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।
एआई से फोटो तैयार कर शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल
दिसंबर 2023 में नाबालिग की सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपित से दोस्ती हुई थी। फोन पर बातचीत के दौरान आरोपित ने धीरे-धीरे उसे अपने विश्वास में लिया।
बाद में उसने एआई की मदद से लड़की की अश्लील फोटो तैयार की और उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगने लगा। डर के कारण पीड़िता अपनी मां के बैंक खाते से आरोपित के खाते में किस्तों में छोटी-छोटी रकम भेजती रही।
पिता को बैंक खाते से चला पता, पुलिस में की शिकायत
हाल ही में पिता की नजर बैंक खाते के लेनदेन पर पड़ी तो मामले का पता चला। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। उसने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 से आरोपित लगातार उसे गाली-गलौज और धमकियां दे रहा था।
जुलाई 2025 में जब उसने आरोपित से मिलने से साफ इनकार कर दिया, तब आरोपित ने उसकी छवि खराब करने की धमकी दी। उसने पुलिस को शिकायत करने पर पिता और चाचा को जान से मारने तथा लड़की पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।
अदालती सुनवाई के सिलसिले में दिल्ली आया तो दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन गार्डन थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर निवासी अजय दुबे (25) के रूप में की।
वह पेशे से व्यापारी है। पुलिस ने आरोपित की लोकेशन ट्रैक की और उसे उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह एक अदालती सुनवाई के सिलसिले में दिल्ली आया हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित वर्ष 2020 में नांगलोई और वर्ष 2019 में निहाल विहार में दर्ज आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस अब आरोपित के मोबाइल फोन, बैंक खातों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं उसने इसी तरीके से अन्य लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल तो नहीं किया।
