दिल्ली में H1N1 के 138 नए मामले आए, कुल संख्या 2,446 पहुंची; सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश
दिल्ली में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, पिछले 24 घंटों में 138 नए मामले ...और पढ़ें

दिल्ली में एच1एन1 के बढ़ते मामले स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को किया अलर्ट।
HighLights
दिल्ली में एच1एन1 के 138 नए मामले दर्ज।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट पर रखा।
बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल के निर्देश।
एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के मामलों में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिल्ली सरकार के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजधानी में एच1एन1 के 138 नए मामले सामने आए हैं। इससे वर्ष 2026 में दिल्ली में एच1एन1 के कुल मामलों की संख्या 2,446 हो गई है। इन्फ्लूएंजा-ए के कुल मामले 3,177 दर्ज किए गए हैं।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कम से कम पांच आइसोलेशन बेड सुनिश्चित रखें। बड़े अस्पतालों में यह संख्या 10 या उससे अधिक होनी चाहिए, ताकि इन्फ्लूएंजा और वेक्टर जनित बीमारियों के मरीजों का उचित प्रबंधन किया जा सके।
बच्चों और बुजुर्गों जैसे संवेदनशील वर्गों पर विशेष ध्यान देने की अपील
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों को शिफ्ट-वार ड्यूटी रोस्टर बनाने और डॉक्टरों व चिकित्सा कर्मचारियों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बच्चों और बुजुर्गों जैसे संवेदनशील वर्गों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अस्पतालों को इन मरीजों का समय पर आकलन और उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपातकालीन विभागों में फ्लू कॉर्नर स्थापित करने या उन्हें मजबूत करने पर जोर दिया गया है। इन कॉर्नर में सीनियर रेसिडेंट डॉक्टरों को इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। संदिग्ध मरीजों का तुरंत आकलन कर जहां चिकित्सकीय रूप से आवश्यक हो, स्वैब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएं। रेस्पिरेटरी सैंपल कलेक्शन और टेस्टिंग के लिए वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम (वीटीएम) तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दवाओं के पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया
दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाओं की नियमित रिपोर्ट जमा करने और पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीद कर मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा न आने देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के इन कदमों से दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण रखने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की उम्मीद है। नागरिकों से अपील की गई है कि बुखार, खांसी या सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और मास्क का इस्तेमाल जारी रखें।
