विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली हाई कोर्ट को मिले 7 नए जज, चीफ जस्टिस ने दिलाई पद की शपथ; अब जजों की संख्या बढ़कर हुई 50

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:31 PM (IST)

दिल्ली हाईकोर्ट में सात न्यायिक अधिकारियों ने न्यायाधीश के रूप में शपथ ली, जिससे कुल न्यायाधीशों की संख्या 50 हो ...और पढ़ें

दिल्ली हाई कोर्ट को मिले सात नए जज। फोटो: आर्काइव

दिल्ली हाई कोर्ट को मिले सात नए जज। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली HC में सात न्यायिक अधिकारियों ने न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

  2. चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने जजों को शपथ दिलाई

  3. हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर अब 50 हो गई है

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को सात नवनियुक्त न्यायाधीशों ने शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने हाई कोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में सभी सातों न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें पांच न्यायाधीशों ने हिंदी और दो ने अंग्रेजी में शपथ ली।

न्यायाधीश जसंजय शर्मा, न्यायाधीश भरत पराशर, न्यायाधीश अदिति चौधरी, न्यायाधीश दिनेश भट्ट और न्यायाधीश अरुण भारद्वाज ने हिंदी में शपथ ली।

वहीं, न्यायाधीश निवेदिता अनिल शर्मा और न्यायाधीश निशा सहाय सक्सेना ने अंग्रेजी में शपथ ली। समारोह में हाई कोर्ट के न्यायाधीशों के साथ वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी, रजिस्ट्री के अधिकारी, अधिवक्ता और नवनियुक्त न्यायाधीशों के स्वजन मौजूद रहे।

कॉलेजियम ने भेजे थे आठ नाम

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए आठ न्यायिक अधिकारियों के नाम केंद्र सरकार को भेजे थे। इनमें से सात नामों को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी।

इसके बाद इन न्यायिक अधिकारियों की दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की गई। सभी सातों इससे पहले दिल्ली जिला न्यायपालिका में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत थे।

हाई कोर्ट में अब 50 जज कार्यरत

सात नए न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 60 है।

इसमें 45 स्थायी और 15 अतिरिक्त न्यायाधीशों के पद शामिल हैं। इस तरह स्वीकृत क्षमता के मुकाबले अब करीब 83 प्रतिशत पदों पर न्यायाधीश कार्यरत हैं।

नवनियुक्त न्यायाधीशों में अरुण भारद्वाज शपथ लेने से पहले दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पद पर कार्यरत थे। अन्य नवनियुक्त न्यायाधीशों ने भी दिल्ली जिला न्यायपालिका में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली है।

यह भी पढ़ें- भजनपुरा हिंसा के 5 दोषियों की सजा पर फैसला आज, कड़कड़डूमा कोर्ट में सुनवाई; दिल्ली पुलिस पर किया था हमला