खत्म नहीं होगी दिल्लीवालों की मुश्किलें! आज से अगले 5 दिनों तक चलेगी 'लू'; IMD का येलो अलर्ट
दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से मिली अस्थायी राहत के बाद, अब अगले पांच दिनों तक फिर से लू चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार से येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में वृद्धि की संभावना है।
-1779580263515_m.webp)
दिल्ली में रविवार से फिर से तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने का पूर्वानुमान।
HighLights
धूल भरी आंधी से दिल्ली को मिली अस्थायी राहत।
अगले पांच दिनों तक फिर से चलेगी लू।
IMD ने रविवार से येलो अलर्ट जारी किया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में पिछले कई दिनों तक अधिक गर्मी और लू चलने के बाद शनिवार सुबह धूल भरी आंधी चलने और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते कल की तुलना में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी रही। कहीं भी लू की स्थिति नहीं रही।
लेकिन, रविवार से फिर से तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने का पूर्वानुमान है। अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इसे लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार व सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और उसके बाद तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
-1779594825654.jpg)
शनिवार तड़के धूल भरी आंधी और गरज के साथ कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। पूसा रोड पर 81 किमी प्रति घंटे, पालम में 56 किमी प्रति घंटे और भारत मंडपम क्षेत्र में 35 किमी प्रति घंटे तक तेज हवा चली।
मौसम साफ होने के साथ ही आसमान में धूल खिल गई
धूल भरी आंधी के कारण पालम हवाई अड्डे पर भी दृश्यता में काफी कमी दर्ज की गई, जहां एक घंटे के भीतर दृश्यता 3,500 मीटर से घटकर 1,500 मीटर हो गई थी। नौ बजे के आसपास मौसम साफ होने के साथ ही आसमान में धूल खिल गई। पूरे दिन हल्की हवा चलती रही।
आईएमडी के के आंकड़ों के अनुसार, रिज क्षेत्र में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह ढाई बजे बजे के बीच 0.2 मिमी वर्षा हुई, जबकि पूसा में शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस था
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार देर रात व शनिवार सुबह मौसम में बदलाव होने के कारण दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस था जो शनिवार को कम होकर 28.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
वहीं, अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि शुक्रवार को 43.3 था। रविवार से तापमान में वृद्धि होगी और यह 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है।
शनिवार को दिल्ली में अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान की स्थिति
| मौसम केंद्र | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| सफदरजंग | 28.4 | 41.1 |
| पालम | 28.6 | 41.7 |
| लोधी रोड | 27.2 | 41.4 |
| रिज | 26.7 | 42.6 |
| आयानगर | 26.8 | 42.7 |
| नजफगढ़ | 28.7 | 39.8 |
| मुंगेशपुर | 28.6 | 41.9 |
यह भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ रूट के रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज, ब्रजघाट गंगा पुल पर 60 KMPH की स्पीड से दौड़ेंगी ट्रेनें

