Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई दिल्ली, गौरी शंकर समेत प्रमुख मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
दिल्ली में सावन के पहले सोमवार को महादेव की भक्ति में शहर सराबोर है, मंदिरों में विशेष सजावट और भक्तों की लंबी कतारें हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कि ...और पढ़ें

हरीद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आइएसबीटी के पास से गुजरते शिव भक्त कांवड़िये। जागरण
HighLights
दिल्ली में सावन के पहले सोमवार महादेव की भक्ति का अद्भुत नजारा।
मंदिरों में विशेष सजावट, भक्तों की लंबी कतारें और सुरक्षा के इंतजाम।
कांवड़ियों का जत्था पहुंचने लगा, रुद्राभिषेक और भंडारे की तैयारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। श्रद्धा के महासावन के पहले सोमवार दिल्ली देवों के देव महादेव की आस्था में सरोबार है। फूल, पत्तों और लाइटों से विशेष सजावट के साथ मंदिर व शिवालय अद्वितीय दृश्य लिए हुए हैं। देर रात्रि से सभी शिवालयों के पट भक्तों के लिए खुले हुए हैं।
भोले के दर्शन के लिए दूर तक भक्तों की कतारें है। हर-हर महादेव के जयकारों की अलौकिक आभा बरबर भक्ति के वेग को उद्वेलित कर रही है। भक्तों की सुविधा व सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अर्द्धसैनिक बल व दिल्ली पुलिस के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती है।
भक्तों के भक्ति की हिलोर घर, गलियों और कालोनियों तक में है। घरों की साफ-सफाई के साथ पूजन सामग्रियों की खरीदारी कर ली गई है। कई भक्तों ने रूद्राभिषेक व महामृत्युंजय जाप का अनुष्ठान रखा है, जिसमें रिश्तेदारों व पड़ोसियों की भक्तिभावपूर्वक भागीदारी है। कई भक्तों ने पूरे मनोयोग से व्रत भी रखा हुआ है तो जगह-जगह भंडारे में प्रसाद भी वितरित होगा।

चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर ट्रस्ट के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि बाबा के श्रृंगार के साथ रात्रि दो बजे से ही मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। रविवार को भी भक्तों का वेग रहा था।
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
यहां साइकिल मार्केट व लाजपत राय मार्केट होते हुए गुरुद्वारा सीसगंज साहिब तक भक्तों की कतारें लग जाती है। ऐसे में भक्तों की सुविधा व सुरक्षा के लिए इस बार सड़क पर 60 निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से सीसीटीवी से हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
मंदिर के बाहर दिल्ली पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की तैनाती है। मेटल डिटेक्टर गेट के साथ संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए मशीनें लगाई गई है। वैसे, गौरी शंकर मंदिर में भक्त सीधे जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे। इसके लिए गर्भगृह के बाहर क्यारियां बनाई गई है। जहां जल डालने पर वह शिवलिंग को अर्पित होती है। जबकि, बाकि पूजा सामग्रियों की मनाही है।
इसी तरह, चांदनी चौक स्थित बनखंडी मंदिर के साथ ही कनाट प्लेस स्थित विश्वेश्वर महादेव के मंदिर में सजावट के साथ ही सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई है।
मंदिरों के बाहर अर्द्धसैनिक बल के साथ ही दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी से मंदिर के बाहर-भीतर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
आम से लेकर खास तक करेंगे भोले बाबा के दर्शन
पहले सोमवार पर आम से लेकर खास लोग भोले बाबा के दर्शन करेंगे। विशिष्ट लोग दर्शन के लिए कतार में होंगे। भोले बाबा हर किसी के आराध्य हैं। ऐसे में क्या वीवीआइपी क्या आम लोग सभी कतार में होंगे।
विश्वेश्वर महादेव मंदिर में भोर से रूद्राभिषेक
कनाट प्लेस स्थित ऐतिहासिक विश्वेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही भोले बाबा के दर्शन के साथ ही रूद्राभिषेक का अनुष्ठान आरंभ हो जाएगा, जो देर रात्रि तक चलेगा। मंदिर के मुख्य पुजारी रवि कौशिक के अनुसार, सावन में रूद्राभिषेक का विशेष महत्व है। उसमें भी सावन में इस धार्मिक अनुष्ठान की संख्या बढ़ जाती है।
कांवड़ियों का जत्था पहुंचने लगा शिवालय
इसी तरह, भक्ति भाव में डूबे कांवड़ियों का जत्था दिल्ली पहुंचने लगा है। वह मंदिरों के आस-पास ठहरे हुए हैं। उन्हें रात्रि में प्राथमिकता पर जलाभिषेक कराया गया। वैसे, मुख्य रूप से कांवड़ियों का जत्था आना 11 अगस्त को शुरू होगा। उसके लिए पंडालों की तैयारियां तेज है।