दिल्ली में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 1635 करोड़ की बारापुला एलिवेटेड रोड का होगा उद्घाटन
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के संवैधानिक कार्यकाल ...और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक को संबोधित करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। सौजन्य- भाजपा
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू।
दिल्ली में बारापुला एलिवेटेड रोड समेत कई विकास परियोजनाएं होंगी।
रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान जैसे सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और सरकार के प्रमुख के रूप उनके 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी।
राजधानी में प्रदेश भाजपा व दिल्ली सरकार द्वारा चलने वाले इस अभियान में सेवा कार्य के साथ ही विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी।
इनमें 1,635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बारापुला एलिवेटेड रोड (फेज-तीन) का उद्घाटन भी शामिल है। इस अभियान के माध्यम से जनता के साथ संवाद को मजबूत किया जाएगा।
पीएम के जन्मदिन पर लगेगा रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान की तैयारी को लेकर अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अध्यक्षता और मुख्यंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में दिल्ली भाजपा की बैठक हुई। मल्होत्रा ने कहा कि मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ इस अभियान की शुरुआत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी 7 अक्टूबर, 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। संवैधानिक पद पर उनके कार्यकाल का 25 वर्ष पूरे होने वाले हैं। इस अभियान के अंतर्गत दिल्ली में आधारभूत ढांचे को मजबूती देने वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन होगा।
अभियान के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक कुलजीत सिंह चहल ने भी बैठक को संबोधित किया। कपिल मिश्रा इस अभियान के लिए दिल्ली सरकार के नोडल मंत्री होंगे। योगिता सिंह दिल्ली प्रदेश की ओर से गठित समिति की संयोजक हैं।
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश एवं स्वदेश सिंह, दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा सहित दिल्ली भाजपा के पदाधिकारी, सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, महापौर व अन्य नेता उपस्थित थे।
संवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इन प्रमुख परियोजनाओं का होगा उद्घाटन
बवाना के 20 एमजीडी जल शोधन संयंत्र में दो एमजीडी क्षमता के रीसाइक्लिंग प्लांट, ओखला में 564 एमएलडी क्षमता के वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित बारापुला ड्रेन से बाटला हाउस फेज-II एसपीएस तक इंटरसेप्टर सीवर सहित 863.38 करोड़ रुपये की जल एवं सीवरेज परियोजनाओं का उद्घाटन।
शिक्षाः-
द्वारका के सेक्टर-16 में स्कूल भवन।
ईस्ट विनोद नगर तथा रोहिणी के सेक्टर-41 में नवनिर्मित कक्षाएं।
परिवहनः-
बुराड़ी में नया आटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस)
तेहखंड में चार लेन वाला एटीएस।
बिजलीः-
कड़कड़डूमा ईस्ट दिल्ली हब में भूमिगत सब-स्टेशन, अर्जनगढ़ और बक्करवाला में 66/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन सहित 232.42 करोड़ रुपये की लागत से अन्य सब स्टेशनों का उद्घाटन।
पूरे माह चलने वाले कार्यक्रम
रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं विकसित भारत को लेकर चित्र कला प्रतियोगिता, नमो सेवा गाथा नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स सम्मान, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर व वाराणसी की यात्रा, युवा संवाद आदि।
