फिर दिखी दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही, खुले गड्ढे में गिरी 70 वर्षीय महिला के सिर में लगी चोट; लोगों ने जताई नाराजगी
पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही से 70 वर्षीय महिला बबली खुले गड्ढे में गिरकर घायल हो गईं। पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदे ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर का है, जहां पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। महिला ने रोते हुए कहा की किस्मत अच्छी थी वरना मेरा हाल भी जान गंवाने वाले और लोगों जैसा होता।
गंभीर चोट आई और तीन टांके लगाए गए
राजा गार्डन, उत्तम नगर निवासी बबली (70) इलाज के लिए वेस्ट विनोद नगर स्थित सिल्वर लाइन अस्पताल जा रहीं थीं। इसी दौरान सड़क पर बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत के छोड़े गए गड्ढे में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सिर के बल गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और तीन टांके लगाए गए। घायल महिला को तुरंत सिल्वर लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही
घटना के बाद इलाके में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल बोर्ड द्वारा मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। गड्ढों को न तो ढका जाता है और न ही आसपास कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेड लगाया जाता है, जिससे राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है।
आप नेता और विधायक के बीच का वीडियो हुआ वायरल
मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप भंडारी ने स्थानीय लोगों के साथ विरोध जताया। पूर्व पार्षद प्रत्याशी और आप नेता कुलदीप भंडारी और स्थानीय विधायक रवि नेगी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खबरें और भी
वीडियो में आरोप लगाया गया है कि जब विधायक से इस लापरवाही पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कथित तौर पर बदसलूकी की। वहीं विधायक रवि नेगी ने वीडियो में ही आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुलदीप भंडारी बेवजह के मुद्दे उठाकर राजनीति कर रहे हैं।
गंभीर सवाल खड़े कर रही
गौरतलब है कि दिल्ली में हाल के दिनों में ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जल बोर्ड की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा। लगातार हो रही घटनाएं विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।