विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीसीपी साहब...बेटी की शादी के लिए जीवनभर रकम जमा करके बनवा रही थी गहने, ज्वैलर ने ठग लिया; रोते हुए बोली मां

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:06 PM (IST)

दिल्ली में बेटी की शादी के लिए गहने बनवा रही सायरा और अन्य पीड़ितों का एक ज्वेलर लाखों का जेवर ...और पढ़ें

लक्ष्मी नगर स्थित आरोपित ज्वेलर की दुकान। जागरण

लक्ष्मी नगर स्थित आरोपित ज्वेलर की दुकान। जागरण

HighLights

  1. बेटी की शादी के लिए जीवनभर की जमा पूंजी गंवाई।

  2. ज्वेलर लाखों रुपये लेकर फरार, कई परिवार सदमे में।

  3. लक्ष्मी नगर पुलिस ने 53 शिकायतें आर्थिक अपराध शाखा को भेजीं।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। डीसीपी साहब...दिन में एक वक्त की रोटी कम खाई है। इसलिए कि बेटी की शादी के लिए गहने बनवाने में रकम कम न पड़ जाए। पांच लाख रुपये जमा करने में दस साल का वक्त लगा है। पति का वेतन महज 25 हजार रुपये है।

इस उम्मीद से गहने बनवा रहे थे कि बेटी की अच्छे से शादी करेंगे। खुशी से पहले ज्वैलर ने ऐसा गम दिया है, जिसे जिंदगी में कभी नहीं भूल सकते।

बेटी से मां-बाप आंखें नहीं मिला पा रहे हैं, क्योंकि वह सवाल कर रही है कि अब क्या होगा और इतनी रकम दोबारा कैसे जमा करेंगे। सायरा की आंखों से छलकते आंसू पुलिस अधिकारियों से एक ही सवाल कर रहे थे कि आखिर उनका क्या गुनाह है।

पिछले चार दिन से ठीक से सो नहीं पाए

सायरा रमेश पार्क में रहती हैं। उनके पति कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी के लिए वह गफ्फार ज्वैलर से आठ तोले के गहने बनवा रही थीं। करीब डेढ़ वर्ष में ज्वैलर को पांच लाख रुपये का भुगतान किया था।

उन्होंने कहा कि रकम के नुकसान से ज्यादा उन्हें इस बात का डर है कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। कौन उनकी बेटी से शादी करेगा। वह और उनके पति पिछले चार दिन से ठीक से सो नहीं पाए हैं। खाना भी छोड़ रखा है।

बोले- अगर योगी सरकार होती तो...

मनोज सिंह ने कहा कि ज्वैलर ने उन्हें बर्बाद कर दिया। परिवार के जो पुराने गहने थे, वे ज्वैलर को इसलिए दिए थे कि बच्चों की शादी होगी तो नए डिजाइन के गहने देंगे। ज्वैलर करीब दस लाख रुपये के गहने लेकर भाग गया है।

पूरा परिवार अवसाद में है। समझ नहीं आ रहा कि न्याय के लिए किसके आगे हाथ फैलाएं। ज्वैलर के बच्चे के स्कूल गए तो पता चला कि उसने बच्चे का नाम भी स्कूल से कटवा दिया है।

पीड़ितों का आरोप है कि उसने पूरे षड्यंत्र के साथ ग्राहकों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। वहीं, कई पीड़ितों का कहना है कि ज्वैलर को भागे हुए कई दिन हो गए हैं। दिल्ली में अगर योगी सरकार होती तो उन्हें न्याय के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता।

noida-jweller-farar11

मेरे पास पुराने गहने थे। ज्वैलर ने स्कीम निकाली थी कि पुराने गहने लाओ और नए गहने बनवाओ। मेकिंग चार्ज नहीं ले रहा था। मुझे बच्चों के लिए बहनें बनवानी थीं, इसलिए छह तोले सोना दिया था। जीवनभर जोड़ा हुआ सोना ज्वैलर ले गया। घर बर्बाद कर दिया है। दिल्ली में अगर योगी सरकार होती तो न्याय के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता।

-कुसुम, पीड़िता।

बच्चों के लिए आभूषण बनवाने थे। घर के खर्च में कटौती करके पिछले तीन साल से रकम जमा कर रही थी। सिर्फ इसलिए कि बच्चों की शादी के लिए गहने बन जाएं। मैं और मेरा परिवार ज्वैलर को तलाश करने के लिए जगह-जगह धक्के खा रहे हैं। एक दिन में करीब 10 बार दुकान के चक्कर लगा रहे हैं।

-साजिदा, पीड़िता।

लक्ष्मी नगर थाना पुलिस को 53 शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने सभी शिकायतें आर्थिक अपराध शाखा को भेज दी हैं। करोड़ों रुपये की ठगी हुई है, इसलिए कार्रवाई अपराध शाखा करेगी।

-राजीव कुमार, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 15 सितंबर तक यौन शोषण के 1020 केस, 653 POCSO के मामले; ज्यादातर केस में अपनों ने तोड़ा भरोसा

यह भी पढ़ें- दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने के सामने करीब एक करोड़ की चांदी लूटी, कर्मचारी के सिर पर रॉड से किया हमला