दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगी 200 नई ई-बसें, 28 रूटों पर चलेंगी 56 लेडीज स्पेशल; करनाल के लिए भी सर्विस
दिल्ली सरकार ने बुधवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारीं, जिनमें महिलाओं और छात्राओं के लिए 56 विशेष ...और पढ़ें

दिल्ली में चलेंगी 200 नई ई बसें। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होंगी
महिलाओं और छात्राओं के लिए 56 विशेष बस
दिल्ली-करनाल रूट पर भी नई एसी बस सेवा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए बुधवार से 200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी। इनमें महिलाओं और छात्राओं की सुविधा के लिए 56 विशेष बस सेवाएं भी शामिल हैं।
नई बसों में 88 बसें 12 मीटर लंबी और 112 बसें नौ मीटर लंबी देवी इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनके शामिल होने के बाद दिल्ली में सार्वजनिक बसों का कुल बेड़ा करीब 6,800 बसों का हो जाएगा। इनमें 4,938 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें होंगी।
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि नई बस सेवाओं से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने के साथ स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि नई बस सेवाएं खास तौर पर कामकाजी महिलाओं और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं की रोजाना यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
28 रूटों पर चलेंगी 56 लेडीज स्पेशल बसें
डीटीसी 15 अधिक मांग वाले रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप शुरू करेगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय क्षेत्र के लिए 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (यू-एसपीएल) ट्रिप चलेंगी। इन सेवाओं से आवासीय इलाकों को नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आरके पुरम, कनाट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख रोजगार और सरकारी केंद्रों से जोड़ा जाएगा।
कॉलेज तक छात्राओं की पहुंच होगी आसान
विश्वविद्यालय क्षेत्र में चलने वाली विशेष बसों से हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज आफ कामर्स, एलएसआर, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी (एसपीएम) कॉलेज और देशबंधु कॉलेज सहित कई प्रमुख संस्थानों तक पहुंच आसान होगी।
सभी नई बसें लो-फ्लोर और वातानुकूलित होंगी। सुरक्षा के लिए इनमें सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं।
दिल्ली-करनाल रूट पर चलेंगी 5 इलेक्ट्रिक बसें
नई बसों के बेड़े में दिल्ली-करनाल के अंतर्राज्यीय रूट पर नई बस सेवा आज से शुरू होने जा रही है। इसके लिए पूरी तरह इलेक्ट्रिक और वातानुकूलित पांच बसें शुरू की जा रही हैं। करीब 133 किलोमीटर लंबे एक तरफ के इस रूट पर रोजाना दोनों दिशाओं में 10-10 फेरे संचालित किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।