विवेक विहार में एलईडी टीवी फटने से मकान में लगी भीषण आग, बुजुर्ग दंपती को पुलिसकर्मियों ने बचाया
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में एक मकान में एलईडी टीवी में ब्लास्ट से आग लग गई, जिसमें फंसे बुजुर्ग दंपती को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

पूर्वी दिल्ली में एलईडी टीवी में ब्लास्ट हो गया। फोटो: एआई नजरेटेड
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक मकान में एलईडी टीवी में ब्लास्ट से आग लग गई। आग लगने से बुजुर्ग दंपती मकान में फंस गए। बुजुर्ग होने की वजह से वे ठीक तरह से चल नहीं पाते हैं।
मकान में धुआं भरने से वे अचेत होने लगे। गश्त कर रहे पुलिसकर्मी उनके लिए देवदूत बनकर पहुंचे। पुलिसकर्मी मकान में गए और दंपती को सुरक्षित बचाकर बाहर लाए।
बाहर आते ही अनिल अरोड़ा व इनकी पत्नी बीना अरोड़ा बेहोश हो गए। दोनों को पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती करवाया गया, दोनों की हालत बेहतर है।
पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला
आशंका है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से एलईडी टीवी में ब्लास्ट हुआ। टीवी में ब्लास्ट होने से मकान में आग लगी। अनिल अरोड़ा परिवार के साथ 245 गज में बने ए-13 में रहते हैं।
वह पत्नी के साथ पहली मंजिल पर रहते हैं। भू-तल व दूसरे तल पर परिवार के बाकी सदस्य रहते हैं। पुलिस ने बताया कि विवेक विहार थाने के दो पुलिसकर्मी सुबह साढ़े नौ बजे क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
तभी उनकी नजर एक मकान की बालकनी से निकल रहे धुएं पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने मकान की घंटी बजाकर भू-तल पर रहने वाले लोगों को बुलाया।
दोनों पुलिसकर्मी सीढ़ियों से पहली मंजिल पर गए और बुजुर्ग दंपती को बिना देर किए बाहर निकाला। पहली मंजिल पर धुआं भरा हुआ था, जिससे दंपती का दम घुट रहा था।
आधे घंटे में दमकल ने पाया काबू
पुलिस की सूचना पर दमकल की टीमें पहुंचीं। आधे घंटे में दमकल ने आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार आशंका है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से एलईडी टीवी में ब्लास्ट हुआ।
आग लगने से घर में रखा कुछ सामान जलकर खाक हो गया। वहीं पांडव नगर में भी एक मकान में आग लगी थी, लेकिन दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार मकान नक्शे के अनुरूप बना था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।