'311 पर शिकायत करें', MCD की अपील पर भड़के दिल्लीवाले बोले- 10 शिकायतें कीं, फिर भी कोई एक्शन नहीं
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने नागरिकों से गड्ढों और खराब सड़कों की शिकायत 311 पर करने की अपील की, लेकिन दिल्लीवासियों ने कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई ...और पढ़ें

पोस्ट में लिखा गया है, 'गड्ढा देखा? नजरअंदाज न करें। एमसीडी से 311 के माध्यम से रिपोर्ट करें और दिल्ली की सड़कों को हर किसी के लिए सुरक्षित बनाने में हमारी मदद करें।'
HighLights
MCD ने 311 पर गड्ढों की शिकायत करने की अपील की।
नागरिकों ने शिकायतें दर्ज होने पर भी कार्रवाई न होने की शिकायत की।
दिल्लीवासियों ने खुले मेनहोल और अनधिकृत निर्माण पर भी चिंता जताई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए नागरिकों से गड्ढों और उबड़-खाबड़ सड़कों की शिकायत एमसीठी के हेल्पलाइन नंबर 311 पर करने की अपील की है। एमसीडी ने एक्स पर पर इस संबंध में एक पोस्ट साझा किया है। हालांकि, दिल्लीवासियों ने इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में शिकायतों का अंबार लगा दिया है।
'पॉटहोल फ्री दिल्ली' बनाने की अपील
पोस्ट में लिखा गया है, 'गड्ढा देखा? नजरअंदाज न करें। एमसीडी से 311 के माध्यम से रिपोर्ट करें और दिल्ली की सड़कों को हर किसी के लिए सुरक्षित बनाने में हमारी मदद करें।' इस पोस्ट में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल समेत मंत्री परवेश वाही को टैग किया गया है।
पोस्ट में एक तस्वीर भी साझा की गई है। तस्वीर के माध्यम से नागरिकों से एमसीडी 311 एप या हेल्पलाइन के जरिए शिकायत दर्ज करने और शिकायत नंबर के माध्यम से ट्रैकिंग करने की अपील की गई है। निगम 'पॉटहोल फ्री दिल्ली' बनाने के लिए जनता के सहयोग से लगातार प्रयास कर रहा है।
जनता बोली- नहीं होता शिकायतों का फॉलोअप
इस पहल का कुछ लोगों ने स्वागत किया है, लेकिन पोस्ट के रिप्लाई में दिल्लीवासियों में भारी नाराजगी देखी गई। ज्यादातर लोग शिकायत दर्ज करने के बाद कार्रवाई न होने, देरी और फॉलो-अप की कमी की शिकायत कर रहे हैं।
खबरें और भी
पोस्ट पर आए कमेंट्स ने खोली एमसीडी की पोल
- अंकित सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा है, 'एमसीडी आपके अधिकारियों को क्या किसी की मौत का इंतजार है? इस गड्ढे में कई लोग गिर चुके हैं। क्या सरकार ऐसे ही काम करती है?' इस कमेंट के साथ सड़क पर बिना ढक्कन के खुले पड़े मेनहोल की तस्वीर साझा की गई है।
- रतन चोपड़ा नाम के एक यूजर ने तस्वीर और वीडियो के साथ लिखा है, 'करीब 45 दिन पहले इस समस्या को उजागर किया गया है। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। 10 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। किसी भी शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है।'
- नवरत्न बजाज नाम के एक यूजर ने एक बड़ा सवाल उठाते हुए लिखा है, 'बिल्डिंग डिपार्टमेंट के जूनियर इंजीनियर अमित वशिष्ठ शिकायतों को बिना कोई कार्रवाई किए बंद कर रहे हैं। फिर एमसीडी 311 का क्या मतलब है?' इसके साथ उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।
- गोपी इस्सर नाम के एक यूजर ने लिखा, 'आपकी शिकायत नंबर 260706162744618018 पर दर्ज हो गई है। क्या आप इस शिकायत का समाधान कर सकते हैं? एमसीडी 311 के माध्यम से कई बार भेजी गई है।'
- जेड टू ए नाम के हैंडल से लिखा गया है, 'हजारों बार शिकायत की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कृपया सुनिश्चित करें कि शिकायत का निपटारा हुआ या नहीं।'
- परवेज शेख नाम के एक शख्स ने लिखा है, 'अनधिकृत निर्माण की शिकायत किए 3 दिन हो गए, कोई कार्रवाई नहीं, एमसीडी की कोई प्रतिक्रिया नहीं। मेरा शिकायत नंबर 26071116419445192 है।'
- मनोज कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा, 'शाहबाद डेरी वार्ड - 28 का ये हाल है, जनता क्या करे इस पर आप विचार करे, सुन्दर दिल्ली का सपना हर नगर से होना चाहिए।' इसमें गंदे नाले के पानी से भरी एक गली की वीडियो के साथ सीएम रेखा गुप्ता को भी टैग किया गया है ताकि सीएम कार्यालय तक इसका संज्ञान पहुंच सके।
इनके अतिरिक्त कुछ यूजर्स ने फुटपाथ पर अतिक्रमण, कूड़ा, सीवर का पानी और अनधिकृत निर्माण जैसे मुद्दों पर भी ध्यान देने की मांग की। हालांकि, एमसीडी ने इन शिकायतों पर अभी तक कोई विस्तृत जवाब नहीं दिया है।