दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, NCR में लगा लंबा जाम; गुरुग्राम में WFH और Online Class
दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया और गुरुग्राम में 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई।
HighLights
दिल्ली-NCR में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम
दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट, गुरुग्राम में WFH की सलाह
खराब मौसम के कारण 15 दिल्ली-बाउंड उड़ानें डायवर्ट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई तेज बारिश ने राजधानी और आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक रेंगता नजर आया और कई जगह वाहन पानी में फंस गए।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा और दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए Orange Alert जारी किया है।
बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने मंगलवार, 25 अगस्त को कॉरपोरेट ऑफिस, सरकारी और निजी स्कूलों तथा संस्थानों को कर्मचारियों और स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने की सलाह दी है। बच्चों की ऑनलाइन क्लासेंस लगेंगी।
प्रशासन का कहना है कि इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और जलनिकासी तथा सड़क मरम्मत का काम तेजी से किया जा सकेगा।

गुरुग्राम में बारिश से बिगड़े हालात
गुरुग्राम में सोमवार को करीब एक घंटे की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। प्रशासन के मुताबिक दोपहर 1:30 बजे तक जिले में करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई।
नरविंगपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, IFFCO चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। नाहरपुर अंडरपास भी जलभराव से प्रभावित रहा।

राजीव चौक के आसपास वाहन पानी में फंसे नजर आए। वहीं सोहना रोड पर स्कूल बसों और एंबुलेंस को भी जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। पुराने गुरुग्राम के सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और ओल्ड दिल्ली रोड पर पानी भरने के कारण दोपहर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। साइबर हब के पास गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया। शीटला माता रोड भी बुरी तरह प्रभावित इलाकों में शामिल रहा।

ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
बारिश के साथ-साथ जलभराव ने दिल्ली और गुरुग्राम के बीच आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सिरहौल बॉर्डर, राजीव चौक और नरसिंहपुर समेत कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की टीमें तैनात की गईं। प्रशासन का फोकस अब पानी निकालने और प्रभावित सड़कों पर यातायात सामान्य करने पर है।

दिल्ली में भी कई इलाकों में जलभराव
राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया। लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों से लेकर मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, भैरों मार्ग, ITO और जखीरा अंडरपास तक जलभराव की खबर सामने आई।
संगम विहार में कुछ जगहों पर छात्र घुटनों तक भरे पानी से गुजरते दिखाई दिए। सदर बाजार और कमला नगर मार्केट में भी सड़कों पर पानी जमा हो गया।
दोपहर 1:15 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जनकपुरी में 67 मिमी, छतरपुर में 57 मिमी, पीतमपुरा में 35 मिमी और सफदरजंग में 29 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा सराय काले खां, मथुरा रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास भी भारी ट्रैफिक की सूचना मिली। संसद मार्ग, ITO, कनॉट प्लेस, CR पार्क, अलकनंदा, संगम विहार, भलस्वा और न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन समेत कई जगहों पर पानी जमा हुआ।

15 दिल्ली-बाउंड फ्लाइट्स डायवर्ट
भारी बारिश और खराब मौसम का असर दिल्ली एयरपोर्ट के संचालन पर भी पड़ा। दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जिनमें दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स शामिल थीं।
इनमें से 11 उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया। मौसम की स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी।
इंडिगो ने भी खराब मौसम के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित होने की जानकारी देते हुए यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा समय रखने की सलाह दी।
दिल्ली में Orange Alert, आंधी-तूफान की भी चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने सोमवार को दिल्ली के लिए Orange Alert जारी किया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव के मुताबिक राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
IMD ने बारिश के साथ गरज, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है। हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना बताई गई है।
मौसम विभाग के व्यापक पूर्वानुमान के मुताबिक 25 अगस्त को भी देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारों का दौर जारी रह सकता है।
गुरुग्राम में क्यों दी गई WFH की सलाह?
गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त को घर से काम करने की सलाह सिर्फ ट्रैफिक कम करने के लिए नहीं दी है। भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव है और नागरिक एजेंसियों को सड़क, ड्रेनेज और जलनिकासी से जुड़े काम करने हैं। इसके साथ ही स्कूलाें में ऑनलाइन क्लास कर दी गई हैं।
Advisory | Work From Home on 25 August 2026
— DC Gurugram (@DC_Gurugram) August 24, 2026
In view of the heavy rainfall in Gurugram on 24 August 2026, there is a possibility of waterlogging and traffic congestion at various locations across the district.
All corporate offices, Government and private schools/institutions… pic.twitter.com/DrHDgx9oWb
जिला प्रशासन के अनुसार, सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रहने से राहत और मरम्मत कार्यों में एजेंसियों को आसानी होगी। प्रशासन ने कॉरपोरेट ऑफिस और शैक्षणिक संस्थानों को अपने कर्मचारियों और स्टाफ को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा है।
आज सभी स्कूलों में ऑनलाइन लगेंगी कक्षाएं
जिला उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने सोमवार को जारी एडवाइजरी में आंशिक संशोधन करते हुए निर्णय लिया है कि मंगलवार को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल तथा शैक्षणिक संस्थान आनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित करेंगे। यह फैसला लगातार वर्षा, जलभराव और संभावित यातायात जाम को देखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
पानी निकालने के लिए पंप और टीमें तैनात
बारिश के दौरान गुरुग्राम नगर निगम और अन्य एजेंसियों के अधिकारी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते रहे। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त यश जालुका ने GMDA, NHAI और नगर निगम के अधिकारियों के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया।
अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों पर पंपिंग व्यवस्था सक्रिय रखने और शिकायत मिलते ही टीमों को मौके पर भेजकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में भारी बारिश से IGI एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं ठप, 14 उड़ानें डायवर्ट; सैकड़ों यात्री परेशान
