Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न, तेज हवा के साथ दिन भर हुई वर्षा से गिरा तापमान; कहीं-कहीं ओले भी पड़े

    Updated: Tue, 27 Jan 2026 09:24 PM (IST)

    पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने फिर करवट ली, जिससे तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई और तापमान में 6-7 डिग्री की गिरावट आई। रेवाड़ी-नारनौल ...और पढ़ें

    नई दिल्ली मंडी हाउस के पास हुई वर्षा से बचने के लिए कुछ इस तरह छतरी लेकर जाते लोग। ध्रुव कुमार

    नई दिल्ली मंडी हाउस के पास हुई वर्षा से बचने के लिए कुछ इस तरह छतरी लेकर जाते लोग। ध्रुव कुमार

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर पलटी मार ली। कमोबेश सभी जगह तेज हवा के साथ वर्षा हुई तो रेवाड़ी, नारनौल में ओले भी पड़े।

    इससे तापमान में भी एकाएक तेजी से गिरावट देखी गई। एक दिन पूर्व की तुलना में अधिकतम तापमान छह से सात डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग की मानें तो एक फरवरी को फिर से ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

    मंगलवार को अल सुबह से ही बादल छाए थे। तेज हवाएं भी चल रही थीं। सुबह 10 बजे के बाद विभिन्न इलाकों में वर्षा शुरू हो गई। कहीं तेज तो कहीं हल्की। वर्षा का यह दौर रुक- रुककर शाम तक चलता रहा। सबसे ज्यादा वर्षा पूर्वाहन साढ़े 11 बजे से अपराहन ढाई बजे के बीच दर्ज की गई। शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में कुल 4.2 मिमी वर्षा हुई।

    जहां तक तापमान का सवाल है तो मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले सोमवार को यह 4.2 डिग्री दर्ज हुआ था। यानी यह लगभग दोगुना हो गया।

    वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार को यह 23.2 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया था। यानी इसमें छह डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। हवा में नमी का स्तर 100 से 78 प्रतिशत रहा।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार सुबह हल्का कोहरा रह सकता है। दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि वर्षा होने की संभावना नहीं है। अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

    इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान छह से 12 डिग्री तक उतार चढ़ाव की स्थिति में रह सकता है। एक फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम फिर से बदलेगा। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

    दिल्ली में अलग अलग स्थानों का तापमान और वर्षा 

    स्थान अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C) वर्षा (मिमी)
    सफदरजंग 16.9 8.0 4.2
    पालम 15.6 9.2 14.6
    लोधी रोड 16.6 8.4 3.4
    रिज 15.5 8.7 14.2
    आयानगर 16.2 8.2 4.0
    मयूर विहार 15.7 9.1 4.0

    नोट: तापमान (डिग्री सेल्सियस में) और वर्षा (मिमी में / सुबह 8.30 से शाम 5.30 तक)

    चार सालों में सर्वाधिक वर्षा वाली जनवरी

    मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई ठीकठाक वर्षा के बाद दिल्ली में इस जनवरी में 2022 के बाद से चार वर्षों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। दिल्ली में जनवरी माह की कुल वर्षा 24 मिमी तक पहुंच गई है, जो 2022 के बाद से जनवरी में सर्वाधिक है। हाल के वर्षों में जनवरी का सबसे अधिक वर्षा वाला दिन आठ जनवरी 2022 रहा है, जब शहर में 40.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

    खबरें और भी


    इस महीने, दिल्ली में 23 जनवरी को 19.8 मिमी वर्षा हुई थी जबकि मंगलवार को हुई 4.2 मिमी वर्षा जोड़ने के बाद जनवरी की कुल वर्षा 24 मिमी हो गई, जो 2022 की अत्यधिक 88.5 मिमी वर्षा को छोड़कर बीते चार वर्षों में इस महीने की सबसे अधिक है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली से लौटते समय डंपर और कार की हुई भिड़ंत, तीन युवकों की मौके पर ही मौत