Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली: जाम से निजात दिलाने के लिए वजीराबाद रोड पर सेतु बन आई मेट्रो, लाखों लोगों को मिलेगी राहत

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 06:42 AM (GMT+05:30)

    पीएम मोदी ने विश्व महिला दिवस पर यमुनापार को पिंक लाइन मेट्रो का तोहफा दिया। मौजपुर से मजलिस पार्क तक इस विस्तार से वजीराबाद रोड और आसपास के खजूरी, सो ...और पढ़ें

    जाम से निजात के लिए वजीराबाद रोड पर सेतु बनकर आई मेट्रो। जागरण

    जाम से निजात के लिए वजीराबाद रोड पर सेतु बनकर आई मेट्रो। जागरण

    HighLights

    1. पिंक लाइन मेट्रो मौजपुर से मजलिस पार्क तक शुरू।

    2. वजीराबाद रोड और यमुनापार को जाम से मिली राहत।

    3. यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा, सुविधा बढ़ी।

    शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार के माथे पर विकास के मामले में पिछड़ेपन का दाग लगा रहता है। धीरे-धीरे यह दाग धुल रहा है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिंक लाइन पर मौजपुर से मजलिस पार्क तक मेट्रो का उद्धाटन किया। यह लाइन वजीराबाद रोड से बाहरी दिल्ली जा रही है।

    वजीराबाद रोड पर जाम की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। मेट्रो शुरू होने से खजूरी, सोनिया विहार, भजनपुरा, सभापुर, श्रीराम कॉलोनी, चांदबाग, यमुना विहार के लोग खुश हैं। मानों उन्हें जाम से निजात के लिए मेट्रो के रूप में एक सेतु मिल गया है।

    लोगों ने सफर करके खुशी का इजहार किया

    विश्व महिला दिवस के दिन पीएम ने यमुनापार के लोगों को मेट्रो का वह तोहफा दिया, जिसका इंतजार यहां के लोग वर्षों से कर रहे थे। मेट्रो शुरू होने के पहले ही दिन इस लाइन पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। बहुत से लोगों ने अपने परिवार व दोस्तों के साथ सफर करके खुशी का इजहार किया।

    उन्होंने इस ऐतिहासिक दिन को अपने फोन में कैद किया। सबसे ज्यादा लोग इस बात से खुश थे कि वह जाम में बिना फंसे सफर कर रहे हैं। जिससे उनका रुपया व वक्त दोनों बच रहा है। सफर करने वाले लोगों ने कहा कि जिनके पास सार्वजनिक वाहन सेवा के विकल्प कम होते हैं, वह ही जानते है कि उनके जीवन में मेट्रो कितनी महत्वपूर्ण बनकर आई है।

    खबरें और भी

    शेयरिंग आटो से मिलेगी निजात

    सोनिया विहार पुश्ता, करावल नगर, मुस्तफाबाद, भजनपुरा, उस्मानपुर पुश्ता से वजीराबाद व आजादपुर जाने के लिए लोगों को बस व शेयरिंग आटो पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां बस सेवा बहुत कम है। सड़कों पर यात्रियों की भीड़ अपने आप बयां कर देती है कि सार्वजनिक व्यवस्था ठीक नहीं है।

    सोनिया विहार में रहने वाले शिवम ने कहा कि मेट्रो के चालू होने से अब शेयरिंग आटो से निजात मिलेगी। सोनिया विहार से वजीराबाद के लिए बस सेवा ज्यादा अच्छी नहीं है। अधिकतर लोग आटो का इस्तेमाल करते हैं। वजीराबाद पुल संकरा है, उस पर जाम की स्थिति रहती है। सोनिया विहार पर मेट्रो स्टेशन बन गया है। बिना जाम में फंसे कुछ ही मिनटों में वजीराबाद पहुंचा जा सकता है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली: पिंक लाइन बनी देश की पहली रिंग मेट्रो, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया उद्घाटन

    लोगों की प्रतिक्रिया

    बुराड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन सेवा बहुत खराब है। जाम की वजह से बुराड़ी से मौजपुर जाने में बस से एक से डेढ़ घंटा लगता है। मेट्रो से यह सफर 25 मिनट का हो गया है। - रजनी, बुराड़ी

    आइएनए जाने के लिए ऑटो व रिक्शा से सीलमपुर मेट्रो स्टेशन जाना पड़ता था। अब यमुना विहार में ही मेट्रो स्टेशन बन गया है। इससे समय व रुपये दोनों की बचत होगी। - मंजू, यमुना विहार

    वजीराबाद में अधिकतर लोग बस, आटो व ई-रिक्शा के भरोसे हैं। इससे क्षेत्र की सड़कों पर जाम की समस्या हमेशा रहती है। वजीराबाद में मेट्रो का आना एक सपने के सच होने के बराबर है। पीएम ने रजमान के महीने में बड़ा तोहफा दिया है। - सगीर, वजीराबाद

    वजीराबाद रोड पर भजनपुरा, खजूरी, सोनिया विहार में लगने वाले जाम से हर कोई वाकिफ है। भजनपुरा से दिल्ली विश्वविद्यालय का रास्ता 20 मिनट का है। बस व ऑटो से एक घंटा लग जाता है। मेट्रो वजीरबाद रोड पर लाइफलाइन बनकर आई है। - जितेंद्र, भजनपुरा

    खजूरी चौक पर आटो व ई-रिक्शे वालों की बहुत मनमानी है। कई बार यह मनमाना किराया वसूलते हैं। यहां बस सेवा बेहतर नहीं है। मेट्रो शुरू होने के पहले ही दिन मैंने उसमें सफर किया। - नरेंद्र, खजूरी