एलपीजी कालाबाजारी: दिल्ली में गैस एजेंसी मालिक गिरफ्तार, 459 सिलेंडर जब्त
क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक गैस एजेंसी मालिक सुशील कुमार सिंघल को गिरफ्तार किया है। रणहोला स्थित उसके गोदा ...और पढ़ें
-1774571581104_m.webp)
कालाबाजारी के आरोप में एजेंसी मालिक गिरफ्तार।
HighLights
गैस एजेंसी मालिक सुशील कुमार सिंघल कालाबाजारी में गिरफ्तार।
रणहोला गोदाम से 459 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए।
आरोपी ऊंचे दामों पर बेचने के लिए जमाखोरी कर रहा था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी करने वाले एक गैस एजेंसी के मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित अपनी पोजीशन और स्टाक पर कंट्रोल का फायदा उठाकर एलपीजी की ब्लैक मार्केटिंग कर रहा था। इसकी पहचान निहाल विहार के सुशील कुमार सिंघल के रूप में हुई है। जिसके रणहोला स्थित गोदाम से 459 इंडेन और भारत गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं।
उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, हाल ही में एलपीजी सिलिंडर की कमी को लेकर चल रही आशंका को देखते हुए इन सिलिंडर की काला बाजारी करने वालों के खिलाफ विशेष टीम बनाई गई थी। इसी दौरान टीम को दिल्ली के बाहरी जिले के रणहोला क्षेत्र में एलपीजी सिलिंडरों की जमाखोरी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी।
छापामारी के बाद भारी संख्या में एलपीजी सिलिंडर बरामद
सूचना पर एसीपी राज कुमार की देखरेख में और इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में गठित टीम ने रणहोला की निठोली रोड स्थित एचपी बालाजी में छापेमारी करते हुए भारी संख्या में एलपीजी सिलिंडर बरामद किए और मौके से गैस एजेंसी के मालिक सुशील कुमार सिंघल को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान कुल 459 खाली कमर्शियल सिलिंडर बरामद किए गए हैं।
आरोपित एलपीजी गैस एजेंसी का मालिक होने के नाते, अपनी पोजीशन और स्टाक पर कंट्रोल का फायदा उठाकर एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहा था। उसने बिना अनुमति के अपनी एजेंसी की जगह पर कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर (इंडेन और भारत पेट्रोलियम) जमा किए। डिमांड-सप्लाई का फायदा उठाते हुए आरोपित ने सिलिंडर को सही डिस्ट्रीब्यूशन चैनलों से रोक लिया ताकि उनकी मांग और बढ़ जाए। जमा किए गए सिलिंडर को मुनाफा कमाने के लिए खुले बाजार में अधिक कीमतों पर बेचने की फिराक में था।