दिन में रेकी और रात में सेंध लगाकर चोरी, घरों में चोरी करने वाला चोर दिल्ली में गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने दिन में रेकी कर रात में बंद घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों, युगल किशोर और प्रमोद को गिरफ्तार किया है। मंगोलपुरी में हुई चोरी क ...और पढ़ें
-1775774613944_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने दिन में रेकी कर रात में बंद घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों, युगल किशोर और प्रमोद को गिरफ्तार किया है। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिन में रेकी कर रात में बंद घरों में चोरी करने वाले दो चोरों को बाहरी जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान युगल किशोर उर्फ गूगल (29) और प्रमोद उर्फ बिहारी (28) के रूप में हुई है, दोनों नांगलोई के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान युगल किशोर के पास से 36 चांदी के मनके व लॉकेट व सेंधमारी में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास बरामद किए गए। वहीं प्रमोद के पास से दो जोड़ी सोने की बालियां, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक घड़ी और एक-एक रुपये के 13 नोट बरामद हुए हैं। दोनों आरोपित पहले भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पांच अप्रैल को थाना मंगोलपुरी में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें रात के समय घर में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान एंटी स्नैचिंग एंड बर्ग्लरी सेल की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध वारदात करते दिखाई दिए। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
सात अप्रैल को सूचना मिली कि संदिग्ध ज्वालापुरी कैंप नंबर-4 और निहाल विहार इलाके में चोरी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर अलग-अलग जगह से एक-एक आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि चोरी की नकदी नशे में खर्च कर दी।
खबरें और भी
पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रमोद पर पहले से चोरी व सेंधमारी के 16 मामले और युगल किशोर पर 10 मामले दर्ज हैं। अन्य चोरी के सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।