Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'बर्थडे विश तक न करने वाला दामाद मौत का तोहफा देगा, सोचा न था'; प्रियंका की हत्या पर छलके पिता के आंसू

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 02:25 PM (GMT+05:30)

    दहेज की मांग पूरी न होने पर दिल्ली पुलिस कांस्टेबल मनीष ने अपनी पत्नी प्रियंका की हत्या कर दी। प्रियंका को शादी के बाद से ही प्रताड़ित किया जा रहा था ...और पढ़ें

    हत्या आरोपी काॅन्सटेबल पति मनीष भाटी और मृतका प्रियंका भाटी। फोटो: आर्काइव

    हत्या आरोपी काॅन्सटेबल पति मनीष भाटी और मृतका प्रियंका भाटी। फोटो: आर्काइव

    सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। नोएडा की निकी भाटी की हत्या और ट्विशा शर्मा की मौत के बाद अब प्रियंका हत्याकांड ने भी समाज को झकझोर कर रख दिया है। बेटी की खुशी के लिए जिस पिता ने अपने जीवन भर की कमाई लगा दी, उसे शादी के बाद एक दिन की भी खुशी नसीब नहीं हुई।

    बेटी की मौत के बाद थाने पहुंचे पिता अजीत के आंखू छलक आए। उन्होंने बताया कि 50 लाख की डिमांड पूरी नहीं हुई तो बेटी को मौत के घाट उतार दिया गया। रविवार को बेटी प्रियंका का जन्मदिन था तो उन्होंने दिन में काॅल कर उसे शुभकामनाएं दी थी।

    'मनीष को मिले सख्त से सख्त सजा'

    इस दौरान भी प्रियंका बेहद दुखी थी। उसने बताया कि पति मनीष ने उसे विश तक नहीं किया। पिता ने भारी आवाज में कहा कि उन्हें नहीं पता था कि जन्मदिन पर विश तक न करने वाला दामाद मनीष बेटी को मौत का तोहफा दे देगा। उन्होंने पुलिस से मांग की कि मनीष और उसके परिवार को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

    पिता के अनुसार बेटी शादी के बाद से ही दहेज मांगने के लिए प्रताड़ित करने की शिकायत करती थी लेकिन वह चाहते थे कि उसका घर बसा रहे। हालांकि 2024 में जब पानी सिर के ऊपर चला गया तो उन्हें पुलिस से शिकायत करनी पड़ी।

    पता होता तो जाने ही नहीं देता 

    तब गांव व समाज के अन्य लोगों ने पंचायत कर बेटी को वापस ससुराल भेज दिया। इस दौरान मनीष व उनके परिवार ने माफी मांगी थी और परेशान न करने का आश्वासन दिया था। यूपी पुलिस में कांस्टेबल नितिन ने बताया कि पता नहीं था कि बहन के साथ ऐसा सलूक होगा अन्यथा वह कभी भी उसे दिल्ली जाने ही नहीं देते।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि उनकी बहन नीतू दिल्ली पुलिस में ही सब इंस्पेक्टर हैं, वह कई बार प्रियंका से बातचीत करती तो वह उन्हें अपना दर्द सुनाती कि कैसे पूरा ससुराल पक्ष उन्हें प्रताड़ित करता था।

    नितिन ने बताया कि शादी में आरोपित मनीष व उसके परिवार ने 25 लाख नकद की मांग की थी लेकिन वह 15 लाख ही दे सके थे। इसके ससुराल पक्ष व मनीष नाराज हो गया था।

    शादी के अगले दिन से की गई मारपीट

    प्रियंका का साल 2024 का वह शिकायती पत्र भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है जिसमें उसने अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में बताया था। महिला अपराध शाखा को दिए पत्र में प्रियंका ने लिखा था कि शादी के अगले ही दिन मनीष शराब पीकर आया और उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट की।

    उन्होंने मनीष पर सट्टा चलवाने और अन्य गलत कामाें में संलिप्त होने के भी आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं यह भी आरोप था कि उनकी सास और जेठानी भी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थीं।

    घर का सामान तक नहीं लाकर देता था आरोपित

    पिता के अनुसार आरोपित मनीष उसे घर पर खाने का सामान तक लाकर नहीं देता था। मनीष से कुछ मांगना न पड़े, इसके चलते उसने पास के एक निजी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। इस वेतन से वह अपने और घर के खर्च चलाती थी।

    जिस कमान में मनीष और प्रियंका रहते थे वहां 2010 से रह रहे थे। बिल्डर को एक फ्लोर देकर उन्होंने वह मकान बनवाया था। एक फ्लोर किराए पर देकर ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पर मनीष और उनका परिवार रहता था। गत फरवरी में मनीष के पिता की मौत हो गई थी।

    सर्विस पिस्टल घर कैसे ले गया आरोपित?

    प्रियंका के मायके पक्ष के दिल्ली पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घर जाते समय आरोपित को पिस्टल मालखाने में जमा करवानी चाहिए थी। ऐसे में वह पिस्टल घर कैसे ले गया। अधिकारियों को इसकी भी जांच करनी चाहिए।

    स्वजन ने हत्या को सुनियोजित बताया। उधर, यह भी आरोप है कि मनीष के पास सर्विस पिस्टल के अलावा कई अवैध पिस्टल व कट्टे भी थे। इसकी भी जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- ‘तू जाएगी, तभी दूसरी आएगी’, कट्टा तानकर धमकाता था कॉन्स्टेबल पति; दिल्ली में बर्थडे पर ही पत्नी की हत्या