‘तू जाएगी, तभी दूसरी आएगी’, कट्टा तानकर धमकाता था कॉन्स्टेबल पति; दिल्ली में बर्थडे पर ही पत्नी की हत्या
पूर्वी दिल्ली में कॉन्स्टेबल मनीष भाटी पर अपनी पत्नी प्रियंका की हत्या का आरोप लगा है, जिस दिन उसका जन्मदिन भी था। प्रियंका ने दो साल पहले ही दहेज उत् ...और पढ़ें

कॉन्सटेबल मनीष भाटी और प्रियंका भाटी। फोटो: फाइल
HighLights
प्रियंका की हत्या उसके जन्मदिन पर हुई
पति कॉन्स्टेबल मनीष भाटी पर हत्या का आरोप
दो साल पहले दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज थी
डिजिटल डेस्क, पूर्वी दिल्ली। सोमवार तड़के एलबीएस अस्पताल के पास हुई प्रियंका की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस दिन कॉन्स्टेबल मनीष भाटी पर पत्नी को गोली मारने का आरोप लगा, उसी दिन प्रियंका का जन्मदिन भी था।
तीन साल पहले धूमधाम से हुई शादी का रिश्ता आखिर इतना कड़वा कैसे हो गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया, इसकी पड़ताल अब पुलिस कर रही है।
दो साल पहले दर्ज कराई थी शिकायत
हत्या के बाद सामने आए दस्तावेज बताते हैं कि प्रियंका ने करीब दो साल पहले ही अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने की शिकायत दर्ज कराई थी।
महिला अपराध शाखा को दी गई शिकायत में प्रियंका ने आरोप लगाया था कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उससे दहेज और कार की मांग की जाने लगी थी।
शादी के बाद दहेज मांगने का आरोप
प्रियंका ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसकी शादी आठ फरवरी, 2023 को मनीष भाटी से हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपये नकद और एक बड़ी कार की मांग की थी।
पीड़िता का दावा था कि शादी में उसके परिवार ने लाखों रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
मारपीट और दूसरी महिला से संबंध का आरोप
शिकायत के मुताबिक, शादी के दूसरे दिन से ही मनीष शराब पीकर घर आने लगा और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था। प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध था।
खबरें और भी
उसने दावा किया था कि एक दिन पति के मोबाइल पर एक युवती का फोन आया था। इसके बाद जब उसने इस बारे में सवाल किया तो उसके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर हथियार दिखाकर धमकाया गया।
प्रियंका ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि मनीष ने उससे कहा था, “मैं पहले से ही किसी और को चाहता हूं और उसी के साथ रहूंगा।”आरोप है कि इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था।
‘तू जाएगी, तभी दूसरी आएगी’
महिला की शिकायत के अनुसार, जून 2024 में मनीष शराब के नशे में घर पहुंचा और कथित तौर पर देसी कट्टा उसके माथे पर रख दिया। प्रियंका ने आरोप लगाया था कि उस दौरान मनीष ने कहा था कि वह अपनी जिंदगी से परेशान है और दूसरी शादी करना चाहता है।
शिकायत के मुताबिक, उसने प्रियंका से कहा था, “तू यहां से निकलेगी तभी वो आएगी, मैं दूसरी शादी कर लूंगा।” प्रियंका का यह भी आरोप था कि घटना के दौरान उसका फोन तोड़ दिया गया और उसे कमरे में बंद कर दिया गया था।
हथियार दिखाकर धमकाने का भी आरोप
प्रियंका ने अपने बयान में यह भी कहा था कि कई मौकों पर उसके पति ने कट्टा उसके माथे पर रखकर जान से मारने की धमकी दी थी। उसने आरोप लगाया था कि ससुराल वाले उसे नौकरानी की तरह रखते थे और दहेज को लेकर ताने देते थे।
पुलिस से मांगी थी सुरक्षा
महिला ने जून 2024 में दर्ज शिकायत में यह भी कहा था कि उसे और उसके परिवार को मनीष से जान का खतरा है। उसने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया था कि उसके जेवर और अन्य सामान ससुराल वालों के कब्जे में हैं।
पुरानी शिकायतों की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
अब, करीब एक साल बाद, जन्मदिन के दिन ही प्रियंका की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के आरोप ने पुराने आरोपों और शिकायतों को फिर से चर्चा में ला दिया है।
पुलिस फिलहाल आरोपी कॉन्स्टेबल की तलाश कर रही है और जांच कर रही है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद और दहेज उत्पीड़न के आरोपों का इस वारदात से कोई संबंध है या नहीं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कॉन्सटेबल ने पत्नी की छाती में उतारी गोली, 3 साल पहले हुई थी शादी; CCTV में कैद हुई खौफनाक हत्या