अपनी जान पर खेल गया दिल्ली पुलिस का हवलदार,आग में फंसे दंपती और 11 ब्लाइंड छात्रों समेत 13 लोगों को बचाया
उत्तरी जिले के बुराड़ी में लगी भीषण आग के दौरान दिल्ली पुलिस के हवलदार अमर सिंह ने 13 लोगों की जान बचाई। उन्होंने एक दंपती और पास के हॉस्टल में रह रहे ...और पढ़ें

अमर सिंह ने अपनी जान पर खेलकर बचाई 13 लोगों की जान। फोटो: जागरण एवं इंटरनेट
HighLights
हवलदार अमर सिंह ने 13 लोगों को आग से बचाया
दंपती और 11 दृष्टिबाधित छात्र सुरक्षित निकाले गए
दिल्ली पुलिस ने बहादुरी के लिए हवलदार को सम्मानित किया
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी जिले के बुराड़ी इलाके में लगी भीषण आग के बीच दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जिंदगी बचा ली थी।
धुएं और आग की लपटों से घिरी इमारत में फंसे दंपती को बचाने के साथ ही हवलदार ने पास के हाॅस्टल में रह रहे 11 दृष्टिबाधित छात्रों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। पुलिस अधिकारियों ने हवलदार की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।
उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, घटना 17 मई की रात करीब ढाई बजे बुराड़ी थाना क्षेत्र के दरोगा मार्केट में हुई थी। आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने लगी और पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया।
ट्रक की छत पर चढ़कर घर तक पहुंचे अमर सिंह
उसी दौरान बुराड़ी थाने में तैनात हवलदार अमर सिंह इलाके में गश्त कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। आग लगने वाली इमारत की दूसरी मंजिल पर रवि यादव और उनकी पत्नी सुप्रिया यादव फंसे हुए थे।
आग और धुएं के कारण सीढ़ियों का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था। दोनों बालकनी से मदद के लिए आवाज लगा रहे थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए हवलदार अमर सिंह ने सड़क से गुजर रहे एक ट्रक को रुकवाया।
वह ट्रक की छत पर चढ़े और वहां से बालकनी तक पहुंचकर पहले महिला और फिर उसके पति को सुरक्षित नीचे उतारा। दोनों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के दौरान अमर सिंह ने उन्हें अपने कंधे का सहारा दिया।
हॉस्टल से दृष्टिबाधित छात्रों को भी निकाला
इस बीच उन्हें पता चला कि आग वाली इमारत से सटी बिल्डिंग में दृष्टिबाधित छात्रों का एक हाॅस्टल भी है, जहां 11 छात्र मौजूद हैं। आग और धुएं के खतरे को देखते हुए अमर सिंह तुरंत हाॅस्टल पहुंचे और सभी छात्रों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
खबरें और भी
लगातार धुएं के बीच राहत कार्य करने के कारण अमर सिंह को भी सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कुछ देर बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। पीड़ित परिवारों ने दिल्ली पुलिस और हवलदार अमर सिंह का आभार जताया है।