दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने घर में लगाई फांसी, मौत की वजह बनी पहेली
उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल सोनू ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है ...और पढ़ें

उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल सोनू ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल सोनू ने की आत्महत्या।
सराय रोहिल्ला स्थित घर में फंदे से लटके मिले।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार शाम दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या की वजहों का खुलासा नहीं हो पाया है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। परिवार भी उसके इस कदम से हैरान हैं। पुलिस सोनू के दोस्तों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। साथी स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, सोनू अपने परिवार के साथ गली नंबर-2, शास्त्री नगर में रहते थे। वर्ष 2010 में सोनू दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। अभी फिलहाल इनकी तैनाती तीसरी बटालियन में थी। इनकी ड्यूटी तीस हजारी कोर्ट में लाकअप के मुंशी के रूप में थी।
बुधवार शाम के समय स्वजन ने उन्हें घर में पंखे के सहारे फंदे से लटके हुए देखा। उन्हें फंदे से उतारकर नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही पुलिस को वारदात की खबर मिली। बाद में पुलिस ने उसका शव कब्जे में लिया।
खबरें और भी
पुलिस टीम इनके घर पहुंची। उनका मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। पुलिस को फिलहाल अभी कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मोबाइल की जांच की जा रही है। स्वजन ने सोनू पर किसी तरह के दबाव की बात से इनकार किया है।