एक्शन में आए दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, 48 घंटे में 40 SHO के तबादले; अब DCP और स्पेशल CP पर 'नजर'
नए दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने पदभार संभालने के दो सप्ताह के भीतर 40 थाना प्रभारियों (एसएचओ) का तबादला कर दिया है। यह बड़ा फेरबदल महकमे में तर ...और पढ़ें

दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त ने बृहस्पतिवार को 30 एसएचओ और शुक्रवार को 10 एसएचओ हटा दिए गए। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नए दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने पदभार संभाला।
दो दिनों में 40 थाना प्रभारियों (एसएचओ) का तबादला किया।
जल्द ही उच्च अधिकारियों के भी फेरबदल की संभावना।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त अनुराग कुमार के पदभार ग्रहण करने के दो सप्ताह के भीतर ही महकमे में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को महज दो दिनों के भीतर 40 थाना प्रभारियों (एसएचओ) का तबादला कर दिया गया। बृहस्पतिवार को 30 एसएचओ और शुक्रवार को 10 एसएचओ हटा दिए गए।
सभी स्थानांतरित इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रिलीव हों और संबंधित जिले व यूनिट्स के डीसीपी को रिपोर्ट करें। यह पहला मौका है जब किसी पुलिस आयुक्त ने पद संभालने के इतने कम समय में इतने बड़े स्तर पर इंस्पेक्टरों के फेरबदल किए हैं।
तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे
पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के कार्यकाल में (इस साल जनवरी या उसके बाद) नियुक्त किए गए कई एसएचओ को चंद महीनों में ही हटा दिया गया है। आमतौर पर पहले एसएचओ के बेहतर कामकाज का ट्रैक रिकार्ड देखकर दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर ही उनका तबादला किया जाता था। इस अचानक हुए फेरबदल का कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, जिससे महकमे में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
कोई कह रहा सही, कोई कह रहा गलत
हाल ही में कुछ महत्वपूर्ण और बड़े थानों महरौली, फतेहपुर बेरी, मयूर विहार, गोविंदपुरी व सीआरपार्क में तैनात पांच एसएचओ को सिक्योरिटी (सुरक्षा) और पीसीआर जैसी नान-फील्ड यूनिट्स में भेज दिया गया है। तबादले के इस आदेश को लेकर पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि यह नए आयुक्त की ओर से व्यवस्था में सुधार के लिए एक 'नई शुरुआत' है। वहीं, कुछ अधिकारियों ने बार-बार होने वाले इस तरह के फेरबदल को थानों के कार्य-प्रबंधन के लिए अतिरिक्त नुकसान बताया।
खबरें और भी
थानों में विलय का फैसला भी शामिल
सूत्रों के मुताबिक, एसएचओ स्तर पर बदलाव के बाद अब पुलिस आयुक्त जल्द ही उच्च अधिकारियों के फेरबदल के आदेश भी जारी कर सकते हैं। इनमें विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी व एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली पुलिस में पिछले कुछ वर्षों से यह देखा जा रहा है कि नया नेतृत्व आने पर पूर्व अधिकारियों के फैसलों को बदला जाता रहा है। पूर्व कमिश्नर संजय अरोड़ा ने राकेश अस्थाना के कई फैसलों को पलट दिया था, जिसमें पीसीआर वैन का थानों में विलय का फैसला भी शामिल था। पूर्व कमिश्नर सतीश गोलछा ने भी बेहतर प्रबंधन के नाम पर ट्रांसफर पालिसी में अपने स्तर पर बदलाव किए थे।