Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में रेल नेटवर्क को 2711 करोड़ का बूस्ट, रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प; बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

    Updated: Mon, 02 Feb 2026 10:25 PM (IST)

    दिल्ली में रेलवे के बुनियादी ढांचे और स्टेशनों के सुधार के लिए ₹2711 करोड़ आवंटित किए गए हैं। यह राशि पिछले वर्ष से अधिक है और कांग्रेस शासनकाल की तुल ...और पढ़ें

    दिल्ली के स्टेशनों की सुधरेगी दशा, सुरक्षित रेल परिचालन के लिए होगा काम। फोटो: आर्काइव

    दिल्ली के स्टेशनों की सुधरेगी दशा, सुरक्षित रेल परिचालन के लिए होगा काम। फोटो: आर्काइव

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में रेलवे के आधारभूत ढांचा को मजबूत करने और स्टेशनों की दशा सुधारने का काम चल रहा है। इससे जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं और संरक्षा कार्य के लिए बजट में 2711 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। यह पिछले वर्ष से 118 करोड़ रुपये अधिक हैष। वर्ष 2025-26 में दिल्ली को 2593 करोड़ रुपये मिले थे।

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि कांग्रेस के शासनकाल में वर्ष 2009 से 2014 तक दिल्ली में रेलवे को प्रत्येक वर्ष औसत 96 करोड़ रुपये मिलते थे। अब यह लगभग 28 गुना बढ़ गया है।

    प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि बजट बढ़ने से रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, संरक्षा कार्य, नई रेल लाइन बिछाने और यात्री सुविधाओं में सुधार के संरक्षा कार्य में तेजी आई है। इस समय दिल्ली में 8976 करोड़ रुपये की लागत की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का फाइनल परीक्षण होने वाला है। जल्द इसका उद्घाटन होगा।

    5887 करोड़ की लागत से 13 स्टेशनों का पुनर्विकास

    नई दिल्ली सहित अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत दिल्ली के 13 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई दिल्ली का पुनर्विकास का कार्य शुरू हो गया है। पहले चरण में पहाड़गंज की तरफ निर्माण कार्य किया जा रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि 4,744 करोड़ की लागत से इसका पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है।

    दोनों तरफ नये भवन बनाने के साथ ही सभी प्लेटफार्म का पुनर्निर्माण होगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए स्टेशन के दोनों तरफ एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी। मई, 2029 तक निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।

    अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत सफदरजंग, आदर्श नगर, आनंद विहार टर्मिनल, बिजवासन, पुरानी दिल्ली, दिल्ली छावनी, दिल्ली सराय रोहिल्ला, शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, नरेला, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन का भी पुनर्विकास कार्य चल रहा है।

    उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि निर्माण स्थल पर स्थित पेड़ हटाने की अनुमति नहीं मिलने से बिजवासन टर्मिनल बनाने का काम प्रभावित हुआ था। अब अनुमति मिल गई है।

    जून तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर बन रहे नए भवन का काम पूरा हो गया है। वहां पर व्यवसायिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। दिल्ली छावनी का पुनर्विकास कार्य भी तेजी से चल रहा है।

    खबरें और भी

    वर्ष 2014 के बाद दिल्ली में किए गए रेलवे के काम

    • नई रेलवे लाइन-24 किलोमीटर
    • ट्रैक विद्युतीकरण-37 किलोमीटर (दिल्ली में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो गया)
    • तुगलकाबाद से पलवल तक 35 किलोमीटर ट्रैक पर कवच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। 
    • 104 रूट किलोमीटर ट्रैक पर कवच लगाने को मंजूरी मिल गई है। 29 रूट किलोमीटर पर यह काम चल रहा है।
    • दिल्ली के स्टेशनों से अलग-अलग शहरों के लिए 14 वंदे भारत एक्सप्रेस और आठ अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन। 
    • पिछले एक वर्ष में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन
    • सात अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन।