विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेवर दिखाने लगी गर्मी, सीजन का सबसे गर्म दिन रहा बुधवार; आने वाले दिनों में कितना पहुंचेगा दिल्ली का पारा?

Published: Wed, 15 Apr 2026 08:29 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 16 Apr 2026 06:39 AM (GMT+05:30)

दिल्ली में 15 अप्रैल को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। ...और पढ़ें

राजधानी में दोपहर की तेज धूप से खुद को बचाते लोग। फोटो: हरीश कुमार

राजधानी में दोपहर की तेज धूप से खुद को बचाते लोग। फोटो: हरीश कुमार

HighLights

  1. बुधवार को दिल्ली में 39.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज

  2. रिज क्षेत्र 40.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म इलाका रहा

  3. राजधानी की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंची, एक्यूआई 204

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार बढ़ती गर्माहट के बीच बुधवार (15 अप्रैल) का दिन गर्मियों के इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म दिन रिकाॅर्ड किया गया। दिन भर खिली रहने वाली तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पार कर गया।

शुक्रवार को इसके 41 व शनिवार को 42 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है। उधर, 11 दिन तक 'मध्यम' श्रेणी में रहने के बाद बुधवार को राजधानी की हवा भी 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई।

बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह गर्मियों के इस सीजन के साथ- साथ इस वर्ष का भी अभी तक सबसे ज्यादा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

40.7 डिग्री सेल्सियस के साथ रिज क्षेत्र बुधवार दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। न्यूनतम तापमान मुंगेशपुर में सर्वाधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 73 से 17 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तेज धूप भी निकली रहेगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 21 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार तापमान में अब लगातार वृद्धि होगी। अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री जबकि न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उधर, बढ़ती गर्मी के बीच 11 दिन बाद राष्ट्रीय राजधानी की हवा भी फिर से खराब हो गई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआइ 204 दर्ज किया गया। इसे 'खराब' श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले यह तीन अप्रैल को 266 रहा था। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान इसमें बदलाव की अधिक संभावना नहीं लग रही।

बुधवार को दिल्ली के प्रमुख स्थानों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

स्थान अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
सफदरजंग 39.2 19.4
पालम 38.3 21.0
लोधी रोड 39.0 18.3
रिज 40.7 19.5
आयानगर 39.0 19.4
नजफगढ़ 37.8 20.9
मुंगेशपुर 37.3 27.4
मयूर विहार 36.5 20.4

यह भी पढ़ें- व्यस्त एयरपोर्ट की ताजा रैंकिंग जारी, IGI को टॉप-10 एयरपोर्ट में नहीं मिली जगह; क्या है गिरावट की वजह?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।