दिल्ली में बाइक सवार बदमाशों का आतंक, हवाई फायरिंग कर मुंशी से लूटे 25 लाख
सुभाष प्लेस में पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक मुंशी से 25 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया और हेलमेट पहनकर फरार ह ...और पढ़ें
-1775866403215_m.webp)
हवाई फायरिंग कर मुंशी से लूटे 25 लाख रुपये। फाइल फोटो
HighLights
सुभाष प्लेस में मुंशी से 25 लाख रुपये लूटे गए।
पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग की।
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही, करीबी पर संदेह।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने दो राउंड हवाई फायरिंग कर बाइक सवार एक मुंशी से 25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। दोनों बदमाशों ने ब्लैक शीशे वाला हेलमेट लगाया हुआ था, ऐसे में बदमाशों का चेहरा पीड़ित नहीं देख पाए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। भागने के दिशा में भी पुलिस अन्य सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित मंगल सेन नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक फर्मा कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। मंगल सेन शुक्रवार दोपहर कूचा महाजनी से एक कारोबारी से पेमेंट लेकर सुभाष प्लेस लौट रहे थे। तभी नेताजी फ्लाइओवर पर डी माल के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने उनके बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी।
फिर पिस्टल दिखाते हुए रुपये से भरे बैग देने के लिए कहा। नहीं देने पर बदमाशों ने दो राउंड हवाई फायरिंग करते हुए, बैग लेकर फरार हो गए। वहीं, सूचना पर उत्तरी पश्चिमी जिला उपायुक्त आकांक्षा यादव ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपितों का पता लगाने में जुटी हुई है।
खबरें और भी
पुलिस कई अन्य पहलुओं से भी कर रही है जांच
शुरुआती जांच के दौरान आशंका जाहिर की जा रही है कि मुंशी के किसी करीबी ने ही पेमेंट को लेकर बदमाशों को जानकारी दी है। उसके इशारे पर ही आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया है। यह बात सामने आ रही है कि बदमाश मुंशी के पेमेंट लेने के बाद से ही पीछा कर रहे थे।
पुलिस अब पीड़ित से पूछताछ कर इनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले में पुलिस कई अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सुलतानपुर में तेरहवीं का निमंत्रण देने गई युवती से अभद्रता, फायरिंग में पांच लोग हुए घायल