दिल्ली की तकनीकी शिक्षा में जबरदस्त उछाल; दाखिले में 135 प्रतिशत की बढ़ोतरी; नरेला में बनेगा शिक्षा हब
दिल्ली की तकनीकी शिक्षा में पिछले सात वर्षों में 135% की वृद्धि हुई है, आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार। प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत द ...और पढ़ें
-1774277639232_m.webp)
तकनीकी शिक्षा में दिल्ली ने लगाई जबरदस्त छलांग।
HighLights
तकनीकी शिक्षा में दाखिले 135% बढ़कर 19,773 हुए।
नरेला में छह विश्वविद्यालयों का विशाल शिक्षा हब बनेगा।
75 सीएम श्री स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति अनुरूप शुरू।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी की तकनीकी शिक्षा में पिछले सात वर्षों में जबरदस्त विस्तार हुआ है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभाग (डीटीटीई) के अंतर्गत प्रवेश संख्या वर्ष 2019-20 में 8,394 से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 19,773 हो गई है, यानी 135 फीसद की वृद्धि हुई है। 2025-26 में उच्च शिक्षा के लिए 1,044 करोड़ रुपये का बजट है।
दिल्ली में अब दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (डीटीयू), नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एनएसयूटी), इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आइजीडीटीयूडब्ल्यू), इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट आफ इंफार्मेशन एवं टेक्नोलाजी (आईआईआईटी-दिल्ली), दिल्ली फार्मास्युटिकल विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (डीपीएसआरयू) और दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) समेत छह राज्य तकनीकी विश्वविद्यालय हैं।
कई क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए
इनके साथ-साथ 11 इनक्यूबेशन सेंटर में नवंबर 2025 तक 449 स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं जिन्हें 24.61 करोड़ रुपये सीड मनी (प्रारंभिक धन) दिया गया है। डीटीयू में 137, आइजीडीटीयूडब्ल्यू में 105 और एनएसयूडी में 83 स्टार्टअप शुरू हुए हैं। डीटीटीई ने विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रिक व्हीकल, एआई, ड्रोन तकनीक और सतत गतिशीलता जैसे क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए हैं। बुनियादी ढांचे में भी बड़े बदलाव हो रहे हैं।
नरेला में शिक्षा हब बन रहा है जहां डीटीयू, जीजीएसआईपीयू,आईजीडीटीयूडब्ल्यू, डीएसईयू समेत छह विश्वविद्यालय के नए कैंपस आएंगे, रिसर्च हब, मेडिकल साइंस और इमरजिंग मीडिया भी इसका हिस्सा होंगे।
जीजीएसआईपीयू को नार्थ कैंपस के लिए 22.43 एकड़ जमीन मिली, 10 जनवरी 2026 को कब्जा मिला। एयूडी के धीरपुर और रोहिणी में दो नए कैंपस 2,306 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे जिनमें 7,650 छात्रों की क्षमता होगी। दिल्ली खेल विश्वविद्यालय के 270 छात्र एथलीट ने वर्ष 2024-25 में 328 मेडल जीते हैं।
खबरें और भी
75 सीएम श्री स्कूल खुलें
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पीएम श्री योजना देश के कई राज्यों में लागू हुई, लेकिन दिल्ली में यह लंबे समय तक लागू नहीं हो पाई। इस कमी को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार ने 2025-26 के अकादमिक सत्र से 75 सीएम श्री स्कूल शुरू किए हैं।
ये केवल बेहतर आधारभूत संरचना वाले स्कूल नहीं हैं, सर्वेक्षण इन्हें अग्रणी और भविष्य के लिए तैयार संस्थान कहता है जो शिक्षणशास्त्र, पाठ्यक्रम, मूल्यांकन और छात्र परिणाम सब में माडल बनेंगे। लक्ष्य है बच्चों को राष्ट्रीय और वैश्विक विश्वविद्यालयों व इंडस्ट्री के लिए तैयार करना। एनईपी 2020 को जमीन पर उतारने के लिए दो और बड़े कार्यक्रम इस वर्ष शुरू हुए। पहला नींव और दूसरा साइंस आफ लिविंग।