हादसों से अब Google Maps बचाएगा, सड़कों पर ब्लैक स्पॉट आते ही फोन में बजेगा अलर्ट; दिल्ली पुलिस की पहल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क हादसों को कम करने के लिए गूगल मैप और मैपमाईइंडिया पर ब्लैक स्पाॅट व स्पीड लिमिट अलर्ट की नई पहल शुरू की है। ...और पढ़ें

सड़क सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस की पहल। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
गूगल मैप पर दिखेंगे दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पाॅट
वाहन चालकों को मिलेगी सड़क की स्पीड लिमिट
रियल टाइम अलर्ट से सड़क हादसे होंगे कम
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में सड़क हादसों को कम करने और लोगों का सफर ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है।
अब दिल्ली की सड़कों पर वाहन चालकों को गूगल मैप और Map My India पर पहले से ही उन जगहों का अलर्ट मिलेगा, जिन्हें हादसों की दृष्टि से ब्लैक स्पाॅट घोषित किया गया है।
इतना ही नहीं, संबंधित सड़क की स्पीड लिमिट भी डिजिटल मैप पर दिखाई देगी, जिससे चालक तय रफ्तार का पालन कर सकेंगे और हादसों की आशंका कम होगी।
ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि यह सुविधा लोगों को रियल टाइम में सतर्क करेगी और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देगी।
'सड़क सुरक्षा की जानकारी भी अहम'
यातायात पुलिस की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पिछले कुछ वर्षों से ट्रैफिक मैनेजमेंट को आधुनिक बनाने के लिए लगातार तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।
अभी तक लोगों को यातायात जाम, डायवर्जन, सड़क बंद होने, भारी ट्रैफिक और अन्य ट्रैफिक संबंधी जानकारी डिजिटल प्लेटफाॅर्म के जरिए उपलब्ध कराई जा रही थी।
अब इस सिस्टम को और आगे बढ़ाते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी भी सीधे नेविगेशन प्लेटफाॅर्म पर उपलब्ध कराई गई है, ताकि वाहन चालक संभावित खतरे वाले स्थानों के बारे में पहले से जान सकें और उसी हिसाब से ड्राइविंग कर सकें।
ऐसे मिलेगा चालकों को अलर्ट
नई व्यवस्था के तहत जैसे ही कोई वाहन चालक किसी ब्लैक स्पाट के करीब पहुंचेगा, उसके मोबाइल पर गूगल मैप्स या मैपमाईइंडिया के जरिए अलर्ट दिखाई देगा। यह अलर्ट ड्राइवर को पहले ही आगाह करेगा कि आगे दुर्घटना संभावित क्षेत्र है।
ऐसे में चालक समय रहते स्पीड कम कर सकेगा, अतिरिक्त सावधानी बरतेगा और सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकेगा। ट्रैफिक पुलिस को उम्मीद है कि समय पर मिलने वाली यह चेतावनी सड़क हादसों में कमी लाने के साथ-साथ लोगों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
स्पीड लिमिट भी की अपडेट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डिजिटल मैपिंग सिस्टम में राजधानी की अलग-अलग सड़कों की स्पीड लिमिट भी अपडेट की है। इससे वाहन चालकों को यह आसानी से पता चल सकेगा कि जिस सड़क पर वे सफर कर रहे हैं, वहां अधिकतम कितनी रफ्तार की अनुमति है।
खबरें और भी
कई बार जानकारी के अभाव में चालक तय सीमा से अधिक गति से वाहन चला देते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। अब डिजिटल मैप पर स्पीड लिमिट दिखाई देने से नियमों का पालन आसान होगा और ओवरस्पीडिंग पर भी काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।
ये ब्लैक स्पाॅट किए गए चिह्नित
डिजिटल मैप में राजधानी के कई प्रमुख ब्लैक स्पाॅट भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें सिंघु बाॅर्डर, स्वरूप नगर-लिबासपुर बस स्टैंड, मुकरबा चौक, भलस्वा चौक, आजादपुर चौक, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, आईटीओ फ्लाईओवर और पीरागढ़ी चौक शामिल हैं।
इन मार्गों पर खास तौर पर टू-व्हीलर के लिए तय स्पीड लिमिट भी दिखाई जाएगी, ताकि चालक पहले से सतर्क होकर सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकें।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट, NDMA ने दी अगले 3 घंटे सतर्क रहने की सलाह