दिल्ली में मौसम ने फिर चौंकाया, झमाझम बारिश से तरबतर हुई राजधानी; आज भी वर्षा के आसार
दिल्ली में सोमवार को मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत साबित हुआ, जहां हल्की वर्षा की संभावना के बावजूद अचानक तेज वर्षा हुई और बाद में ऑरेंज अलर्ट जारी कर ...और पढ़ें

पंचकुइयां रोड पर वर्षा के पानी से होकर गुजरते वाहन चालक व लोग। जागरण
HighLights
मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत, अचानक तेज वर्षा।
जनकपुरी में सर्वाधिक 72.5 मिमी वर्षा दर्ज।
जलवायु परिवर्तन से दिल्ली का मौसम असंतुलित।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सोमवार को मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर बेमानी रहा। बिना किसी अलर्ट अनुमान था कहीं- कहीं हल्की वर्षा होने का जबकि बाद में आरेंज अलर्ट जारी करना पड़ गया। यूं तो वर्षा का दौर कई घंटे तक चला, लेकिन एक घंटे झमाझम वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार को भी हल्की वर्षा होने की संभावना है। बुधवार से वर्षा थोड़ी थमेगी और तापमान बढ़ेगा।
पूर्वाहन 11 बजे तक बादलों की आंशिक आवाजाही के बीच सूरज भी निकला हुआ था और धूप भी खिली थी। लेकिन अगले कुछ मिनटों में अचानक काली घटा छाई और फिर देखते ही देखते तेज वर्षा शुरू हो गई। वर्षा का यह दौर रुक रुककर देर शाम तक चला।

हालांकि ज्यादा वर्षा दोपहर 12 से एक बजे के दौरान एक घंटे में दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक सर्वाधिक वर्षा जनकपुरी में 72.5 मिमी दर्ज की गई। 70 मिमी के साथ आयानगर दूसरे जबकि 58.2 मिमी वर्षा के साथ पालम तीसरे नंबर पर रहा।
वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 32.3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी कृष्ण मोहन ने बताया कि पश्चिम बंगाल से लेकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक हवा के दबाव का एक कम (निम्न) क्षेत्र बना हुआ था। जब यह कम दबाव पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं से टकराया, तो दोनों के मिलने से ही इस तरह अचानक तेज वर्षा हुई।
सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में कहां हुई कितनी वर्षा (मिमी में)
| दिल्ली में वर्षा के आंकड़े (सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक) | |
|---|---|
| इलाका | वर्षा (मिमी में) |
| सफदरजंग | 34.6 |
| पालम | 58.2 |
| लोधी रोड | 41.7 |
| रिज | 43.2 |
| राजघाट | 30.7 |
| आयानगर | 70.0 |
| पूसा | 28.5 |
| मयूर विहार | 9.5 |
| जाफरपुर | 5.0 |
| छत्तरपुर | 61.5 |
| जनकपुरी | 72.5 |
| नारायणा | 22.8 |
| नजफगढ़ | 22.0 |
| झड़ौदा कला | 9.0 |
मौसम का अप्रत्याशित व्यवहार कर रहा परेशान
भीषण गर्मी और उमस के बीच एकाएक हुई इस तेज वर्षा और मौसम के अप्रत्याशित व्यवहार ने दिल्ली वासियों को परेशान कर दिया। सेंटर फार साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन के कारण राजधानी में नमी और गर्मी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मौसम अत्यधिक असंतुलित हो जाता है।

इसके अलावा वैश्विक स्तर पर जलवायु में हो रहे बदलावों (जैसे अल-नीनो और बढ़ते वैश्विक तापमान) का असर भी भारत के मानसूनी पैटर्न पर पड़ रहा है, जिससे कम समय में बहुत ज्यादा वर्षा की घटनाएं बढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें- दक्षिणी दिल्ली में भारी बारिश का कहर, एमबी रोड पर लगा लंबा जाम; एक स्कूल की दीवार भी गिरी
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, NCR में लगा लंबा जाम; गुरुग्राम में WFH और Online Class
