विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली वोटर लिस्ट में तीन दिन में आए 5.40 लाख आवेदन, नाम जोड़ने और सुधारने की प्रक्रिया जारी

Published: Thu, 03 Sep 2026 10:06 PM (IST)

दिल्ली में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद तीन दिनों में 5.40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। ...और पढ़ें

दिल्ली में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे-आपत्तियां और नाम जोड़ने-सुधारने का काम जारी।

दिल्ली में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे-आपत्तियां और नाम जोड़ने-सुधारने का काम जारी।

HighLights

  1. ड्राफ्ट मतदाता सूची पर तीन दिन में 5.40 लाख आवेदन।

  2. 2.21 लाख आवेदन नाम जोड़ने के लिए, 2.65 लाख संशोधन हेतु।

  3. दावे-आपत्तियां 30 सितंबर तक, अंतिम सूची 4 नवंबर को।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे-आपत्तियां और नाम जोड़ने-सुधारने के आवेदन तेजी से आने लगे हैं। 31 अगस्त को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद महज तीन दिनों में 5.40 लाख आवेदन मुख्य निर्वाचन कार्यालय को प्राप्त हो गए हैं।

इनमें सर्वाधिक 2.65 लाख से अधिक आवेदन मतदाता सूची में संशोधन के लिए फार्म आठ के तहत आए हैं, जबकि 2.21 लाख से ज्यादा लोगों ने नाम जोड़ने के लिए फार्म छह भरा है।

दो सितंबर तक फार्म छह के तहत कुल 2,21,806 आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली के मुताबिक दो सितंबर तक फार्म छह के तहत कुल 2,21,806 आवेदन मिले हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म सात के 51,556 और मौजूदा प्रविष्टियों में सुधार के लिए फार्म आठ के 2,65,396 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए फार्म छह ए के तहत भी 1,372 आवेदन आए हैं।

नाम जोड़ने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन 25,332 दक्षिण-पश्चिम जिले से मिले हैं। दक्षिण-पूर्वी जिले में 25,795 और दक्षिण जिले में 22,522 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, नाम हटाने के लिए फार्म सात के सर्वाधिक 11,626 आवेदन दक्षिण-पूर्वी जिले से आए हैं। मतदाता सूची में संशोधन के लिए फार्म आठ के सबसे ज्यादा 33,275 आवेदन पूर्वी जिले में मिले हैं।

30 सितंबर तक दावे-आपत्तियां

एसआइआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हुई है और 30 सितंबर तक चलेगी। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, इस अवधि में प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार नवंबर को दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। जिन पात्र मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, वे निर्धारित दस्तावेजों के साथ फार्म छह भरकर नाम शामिल कराने का दावा कर सकते हैं। एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नए मतदाता भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 20,506 ‘अनधिकृत’ आधार लेनदेन, श्रमिक कल्याण बोर्ड ने कंपनी को किया ब्लैकलिस्ट