दिल्ली SIR में बड़ा उलटफेर, झुग्गी-झोपड़ी से ज्यादा पॉश इलाकों से कटे वोट; टॉप पर रहा आरके पुरम
दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, जिसमें पॉश इलाकों में झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों की तुलना ...और पढ़ें

SIR में पॉश काॅलोनियों में ज्यादा कटे नाम। फोटो: सांकेतिक
HighLights
पॉश इलाकों में मतदाताओं की संख्या में अधिक गिरावट दर्ज
आठ प्रमुख पॉश क्षेत्रों में 37.4% मतदाता कम हुए
जेजे क्लस्टर में 35.7% मतदाताओं की कमी दर्ज की गई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। SIR के बाद जारी दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में बहुत सी चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है। ऐसी ही एक जानकारी यह है कि अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी-झोपड़ी (जेजे) क्लस्टर वाले क्षेत्रों के मुकाबले पॉश इलाकों में मतदाताओं की संख्या में अधिक गिरावट दर्ज की गई है।
आठ प्रमुख पॉश इलाकों में मतदाताओं की संख्या 37.4 प्रतिशत तक घट गई है, जबकि 12 जेजे एवं अनधिकृत कॉलोनी बहुल सीटों पर यह गिरावट 35.7 प्रतिशत रही है।
8 पॉश इलाकों से 4.24 लाख नाम हटे
आंकड़ों के अनुसार, नई दिल्ली, ग्रेटर कैलाश, कस्तूरबा नगर, मालवीय नगर, आरके पुरम, जंगपुरा, मॉडल टाउन और राजौरी गार्डन में कुल 11,36,032 मतदाता थे, जो अब घटकर 7,11,187 रह गए हैं।
यानी इन इलाकों से 4,24,845 मतदाताओं के नाम बाहर हो गए हैं। सबसे अधिक 44.4 प्रतिशत की गिरावट आरके पुरम में देखी गई है, जहां मतदाता 1,30,161 से घटकर 72,426 रह गए। कस्तूरबा नगर में 43.9 प्रतिशत और नई दिल्ली सीट पर 41.6 प्रतिशत वोट कम हुए हैं।
जेजे व अनधिकृत कॉलोनी बहुल क्षेत्रों में 12 लाख से अधिक नाम कटे
दूसरी ओर, अनधिकृत कॉलोनियों और जेजे क्लस्टर वाली 12 विधानसभा सीटों- ओखला, सीलमपुर, तुगलकाबाद, बिजवासन, संगम विहार, किराड़ी, बुराड़ी, बदरपुर, विकासपुरी, नांगलोई जाट, करावल नगर और उत्तम नगर में कुल मतदाता 34,03,201 से घटकर 21,88,733 हो गए हैं।
इन क्षेत्रों से कुल 12,14,468 नाम हटे हैं। इस वर्ग में सबसे ज्यादा 47.8 प्रतिशत गिरावट तुगलकाबाद में दर्ज की गई, जहां 1,92,419 मतदाताओं में से 92,033 के नाम कट गए। ओखला में 45.2 प्रतिशत और बदरपुर में 42.6 प्रतिशत मतदाता कम हुए हैं।
शीर्ष पांच पॉश इलाकों की स्थिति
| विधानसभा | कुल मतदाता | हटे मतदाता |
|---|---|---|
| आरके पुरम | 1,30,161 | 57,735 |
| कस्तूरबा नगर | 1,37,365 | 60,329 |
| नई दिल्ली | 89,683 | 37,315 |
| जंगपुरा | 1,45,823 | 60,326 |
| मालवीय नगर | 1,48,627 | 57,281 |
शीर्ष पांच जेजे क्लस्टरों की स्थिति
| विधानसभा | कुल मतदाता | हटे मतदाता |
|---|---|---|
| तुगलकाबाद | 1,92,419 | 92,033 |
| ओखला | 3,62,813 | 1,63,829 |
| बदरपुर | 3,44,677 | 1,46,673 |
| संगम विहार | 1,92,842 | 78,430 |
| बुराड़ी | 4,28,480 | 1,67,885 |
यह भी पढ़ें- सभी राज्यों और UTs में सबसे ज्यादा दिल्ली में ही कटे नाम, SIR में ड्रॉफ्ट लिस्ट से 32.8% वोटर हो गए साफ
