दिल्ली में SIR की प्रक्रिया शुरू होते ही 5.45 लाख आवेदन, नए नाम से ज्यादा मतदाता सूची में संशोधन की मांग
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत चार दिनों में 5.45 लाख से अधिक आवेदन मिले ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
चार दिन में 5.45 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
नए नाम जोड़ने से ज्यादा विवरण संशोधन के आवेदन।
पूर्वी दिल्ली में मतदाता सूची संशोधन की सर्वाधिक मांग।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू होने के महज चार दिन में 5.45 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो गए हैं।
इनमें नए नाम जोड़ने के मुकाबले मौजूदा मतदाता सूची में नाम-पता और अन्य विवरण में बदलाव कराने के लिए ज्यादा आवेदन आए हैं।
तीन सितंबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 2,25,586 आवेदन, जबकि मौजूदा मतदाता सूची में नाम-पता व अन्य विवरण में संशोधन के लिए 2,67,032 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 51,589 दावे आए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बताया गया है कि एसआइआर के तहत दावे-आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हुई है और 30 सितंबर तक चलेगी।
तीन सितंबर तक नाम जोड़ने, बाहर से आए भारतीय मतदाताओं से जुड़े आवेदन, नाम हटाने और मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित कुल 5,45,587 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1,380 आवेदन विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों से संबंधित हैं।
शुरुआती चार दिनों के आंकड़ों में मतदाता सूची में संशोधन की मांग सबसे ज्यादा सामने आई है। नाम-पता और अन्य विवरण में बदलाव के लिए आए 2.67 लाख आवेदन, नए नाम जोड़ने के लिए मिले 2.25 लाख आवेदनों से करीब 41 हजार ज्यादा हैं।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मौजूदा मतदाता सूची में पते में बदलाव या दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए इसी श्रेणी में आवेदन किया जाता है।
पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा संशोधन की मांग
जिलेवार आंकड़ों में पूर्वी दिल्ली नाम-पता और विवरण में संशोधन के मामलों में सबसे आगे है। यहां तीन सितंबर तक 33,466 आवेदन मिले हैं। इसके बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 33,147, दक्षिण-पूर्व में 30,887, दक्षिण में 26,650, पश्चिम में 25,721 और दक्षिण-पश्चिम में 22,916 आवेदन आए हैं।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन पश्चिमी दिल्ली में 30,429 मिले हैं। इसके बाद दक्षिण-पूर्व में 26,157, उत्तर-पूर्व में 25,669, उत्तर-पश्चिम में 22,959 और पूर्वी दिल्ली में 22,639 आवेदन आए हैं।
नाम हटाने के दावों में दक्षिण-पूर्व सबसे आगे
मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए आए दावों में दक्षिण-पूर्वी दिल्ली 14,670 मामलों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद उत्तर में 11,626, पश्चिम में 8,937, पूर्वी दिल्ली में 2,629 और दक्षिण-पश्चिम में 2,619 दावे आए हैं।
