Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के उत्तम नगर में होली के गुब्बारे को लेकर हुए विवाद में गई युवक की जान, इलाके में सांप्रदायिक तनाव

    Updated: Fri, 06 Mar 2026 04:10 AM (IST)

    पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित हस्तसाल कॉलोनी में होली पर पानी के गुब्बारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक 11 वर्षीय बच्ची द्वारा फेंके ...और पढ़ें

    उत्तम नगर में गुब्बारे को लेकर हुए विवाद में गई युवक की जान।

    उत्तम नगर में गुब्बारे को लेकर हुए विवाद में गई युवक की जान।

    HighLights

    1. पानी के गुब्बारे को लेकर विवाद हिंसक और सांप्रदायिक हुआ।

    2. 26 वर्षीय युवक तरुण की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या।

    3. उत्तम नगर में भारी पुलिस बल तैनात, तनावपूर्ण स्थिति।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर थाना क्षेत्र स्थित हस्तसाल पुनर्वासित कालोनी में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब महज एक पानी के गुब्बारे को लेकर हुए विवाद ने पहले हिंसक फिर सांप्रदायिक रूप ले लिया।

    इस झड़प में 26 वर्षीय युवक तरुण की जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हुई है।

    गुब्बारे से शुरू हुआ खूनी संघर्ष

    विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घर की छत पर खेल रही एक 11 साल की बच्ची से नीचे पानी का गुब्बारा गिरा। गुब्बारा फटने से पानी के छींटे सड़क से गुजर रही एक मुस्लिम महिला पर पड़ गया। आरोप है कि महिला ने इस बात पर गाली-गलौच शुरू कर दी। जाति सूचक शब्द भी इस्तेमाल किया। आराेप है कि महिला के साथ उसके परिचित व स्वजन बच्ची के घर में दाखिल हो गए और मारपीट की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी हुई।

    इसके बाद जब पीड़ित पक्ष शांत हो गया, तब आरोपित पक्ष के लोग घर के पास ही एक चौराहे पर जमा हो गए। आरोप है कि इन्हें बच्ची का एक दूर का स्वजन तरुण आता नजर आया। तरुण को देखते हुए आरोपित पक्ष ने उसपर हमला कर दिया। उन्हें बेरहमी से पीटा और जब वे सड़क पर गिर पड़े, तो उनके सीने पर भारी पत्थर से वार किया गया। इन्हें जनकपुरी स्थित माता चानन देवी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

    तरुण की मौत की खबर सुनते ही लोग भड़क गए। थाना के सामने भारी भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती इलाके में कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। गलियों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

    द्वारका जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह गुब्बारा फेंकना ही सामने आई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- डिजिटल पुलिसिंग में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को बड़ी उपलब्धि, आईएसओ सर्टिफिकेशन प्राप्त