विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बारिश से आफत: कनॉट प्लेस से किशनगंज तक भरा पानी, भीषण जाम में घंटों फंसे रहे यात्री

Published: Tue, 25 Aug 2026 10:38 PM (IST)

दिल्ली में लगातार बारिश से जलभराव और भीषण जाम की स्थिति बनी, जिससे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा। किशनगंज ...और पढ़ें

दिल्ली में बारिश के बाद सड़कों पर भारी जलभराव और भीषण जाम।

दिल्ली में बारिश के बाद सड़कों पर भारी जलभराव और भीषण जाम।

HighLights

  1. दिल्ली में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव।

  2. किशनगंज अंडरपास, कनॉट प्लेस में फिर भरा पानी।

  3. घंटों जाम में फंसे लोग, यातायात पुलिस नदारद।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वर्षा में जहां लोगों को प्रकृति के इस रूप से आनंद होना चाहिए, वहां पर एजेंसियों की नाकामी के कारण आफत आ जाती है। लगातार दूसरे दिन वर्षा के कारण लोगों को वर्षा में हुए जलभराव के कारण जाम से जूझना पड़ा। लोगो दो से तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे।

खास तौर पर जहां पर इस बार वर्षा से किशनगंज अंडरपास में जलभराव की स्थिति नहीं हो रही थी वहां मंगलवार को सुबह हुई वर्षा के कारण जलभराव से जूझना पड़ा। पुरानी दिल्ली के सदर बाजार, आजाद मार्केट, कमला नगर मार्केट से लेकर आइटीओ, कनॉट प्लेस, रफी मार्ग, बाबा खड़ग सिंह मार्ग, नेशनल मीडिया सेंटर के सामनेब समेत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जलभराव हुआ।

मथुरा रोड, एनएच नौ पर रिंग पर मिलने वाले यातायात का लंबा जाम रहा। इसी प्रकार आइटीओ पर भी जाम रहा। जलभराव के कारण सुबह और दोपहर को स्कूली बच्चे और अभिभावकों को मजबूरन जलभराव के बीच से रास्ता तय करना पड़ा।

इसके अतिरिक्त दिन में बगैर वर्षा के ही दोपहर को सिकदरा रोड से लेकर मंडी हाउस तक एक घंटे तक जाम रहा।
कनाट प्लेस के आउटर सर्किल में काके द ढाबे से लेकर शंकर मार्केट तक जलभराव की स्थिति थी। जिसकी वजह से लोग परेशान हुए। इससे चंद कदमों की दूरी पर ही मिंटो ब्रिज हैं।

कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल पर जलभराव की स्थिति

वहां पहले जलभराव होता था लेकिन वहां की स्थिति सुधरने के बाद कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल पर जलभराव की स्थिति अब उत्पन्न होने लगी है। जिसकी वजह यहां ढाली गई नई पाइपलाइन में 90-90 डिग्री के दो घुमाव हैं। साथ ही यहां पर पीडब्ल्यूडी के नाले की सही तरह से सफाई न होने के कारण जल निकासी बाधित होती है।

वहीं, बाहरी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वर्षा से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। किराड़ी के प्राथमिक विद्यालय में लगभग एक फीट तक पानी भरने के कारण कक्षाएं भी प्रभावित रही। इसके अलावा मुबारकपुर व निठारी के सरकारी स्कूलों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। मजबूरन बच्चों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा।

मुबारकपुर, 70 फुट रोड सहित कई सड़क मार्गों पर लबालब पानी भर गया। इसके अलावा अगर नगर, शर्मा कालोनी व सूरत विहार, किराड़ी गांव, इंद्र इन्क्लेव सहित कई कालोनियों में पानी भर गया।

किशनगंज अंडरपास दावे हुए हवा-हवाई फिर भरा पानी

दिल्ली में एमसीडी का अंडरपास दूसरा मिंटो ब्रिज है। मिंटो ब्रिज की तर्ज पर इसे भी जलभराव से मुक्त करने पर एमसीडी काम कर रही थी। जिसका फल मिला भी। पिछली तीन वर्षा में यहां पानी नहीं भरा लेकिन मंगलवार को फिर यहां पानी भर गया। दावा किया गया है कि अचानक तेज वर्षा से यह स्थिति हो गई।

हालांकि सूत्र बताते हैं कि पंप समय से न चल पाने की वजह से यह स्थिति हुई। जब पानी जमने लगा तो एमसीडी द्वारा लगाए गए पंप हांफने लग गए। देखते ही देखते यहां तीन से चार फिट तक पानी जमा हो गया।

शाम को ढाई घंटे तक जाम में फंसे लोग, यातायात पुलिस नदारद

दक्षिणी दिल्ली में शाम को हुई वर्षा के बाद महरौली बदरपुर रोड लंबा जाम रहा। यहां जाम खुलवाने के लिए और यातायात संचालन के लिए कोई ट्रैफिक पुलिस कर्मी तक मौजूद नहीं था। जिसकी वजह से लोग खानपुर टी प्वाइंट पर अपनी मर्जी से वाहनों को निकाल रहे थे।

तीनों तरफ से यातायात आने की वजह से यह लंबा जाम लगा रहा। जामिया हमदर्द तक लगे इस जाम के कारण लोग ढाई घंटे तक जाम में फंसे रहे। इसके कारण दफ्तर से लौटने वाले लोग इस जाम में फंसने के कारण घर देरी से पहुंचे और कई लोग अपने गंतव्य पर पहुंचने में लेट हो गए।

इसके अतिरिक्त एम्स अंडरपास से लेकर रंगपुरी, पुल प्रहलादपुर, महिपालपुर, संगम विहार और बदरपुर के साथ ही जंगपुरा में जलभराव के कारण लोग परेशान हुए।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 'जल' प्रलय: 45 मिनट की बारिश ने फिर लगाया ब्रेक, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन