विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 'जल' प्रलय: 45 मिनट की बारिश ने फिर लगाया ब्रेक, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन

Published: Tue, 25 Aug 2026 09:10 PM (IST)

गुरुग्राम मंगलवार शाम 45 मिनट की तेज वर्षा से फिर जलमग्न हो गया, जिससे दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत कई इलाकों में ...और पढ़ें

45 मिनट की बारिश में घंटों फंसे रहे वाहन।

45 मिनट की बारिश में घंटों फंसे रहे वाहन।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सोमवार की मूसलधार वर्षा से उबर भी नहीं पाया था गुरुग्राम कि मंगलवार शाम हुई 45 मिनट की तेज वर्षा में एक बार फिर शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर बादल छाए रहे और शाम करीब छह बजे अचानक तेज वर्षा शुरू हो गई।

कुछ ही देर में दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। चौराहे और रिहायशी इलाके पानी से लबालब हो गए। पुराने गुरुग्राम के बसई रोड और पटौदी रोड पर करीब दो फुट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया।

वर्षा के दौरान दफ्तरों से घर लौटने का समय होने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। प्रशासन की ओर से वर्क फ्राम होम की सलाह के चलते सामान्य दिनों की तुलना में वाहन कम थे, इसके बावजूद जलभराव ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली और जयपुर दोनों दिशाओं में वाहन रेंगते नजर आए।

सुबह बूंदाबांदी, शाम को तेज वर्षा

मंगलवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। सुबह आठ बजे तक करीब पांच एमएम वर्षा दर्ज की गई और दस बजे तक रुक-रुककर फुहारें पड़ती रहीं। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन में पानी की निकासी होने से स्थिति सामान्य होती दिखाई दी, लेकिन शाम छह बजे शुरू हुई 45 मिनट की तेज वर्षा ने हालात फिर बिगाड़ दिए। पानी के बीच से गुजरने के दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।

सुभाष चौक पर फिर रेंगते दिखे वाहन

सोमवार को गंभीर जलभराव का केंद्र रहे सुभाष चौक पर मंगलवार दोपहर तक स्थिति सामान्य हो गई थी। शाम की तेज वर्षा के बाद चौक के चारों ओर फिर पानी जमा हो गया। वाहनों की गति धीमी पड़ते ही लंबी कतारें लग गईं। यातायात पुलिसकर्मी पानी के बीच खड़े होकर वाहनों को निकालते नजर आए।

सेक्टरों और कालोनियों में भी भरा पानी

सेक्टर 9, 9ए, 4, 5, 31, 38, 39, 40, 45, 46, 51 और 52 समेत कई क्षेत्रों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। पुराने शहर में ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड, बसई रोड और पटौदी रोड पर भी जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई रिहायशी इलाकों में लोगों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर निकलना पड़ा।

पुराने गुरुग्राम में भी चरमराई यातायात व्यवस्था

ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड और दौलताबाद फ्लाईओवर के आसपास भी वर्षा का असर दिखाई दिया। सड़कों पर पानी और गड्ढों के कारण वाहन चालक धीमी गति से चलने को मजबूर हुए। इससे पूरे क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और देर शाम तक लोग जाम से जूझते रहे।

काम नहीं आए इंतजाम, चारों तरफ जनलभराव

लगातार दूसरे दिन वर्षा के बाद शहर के प्रमुख हिस्सों में जलभराव होने से नगर निगम और जीएमडीए की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार के बाद मंगलवार को भी कई वही स्थान पानी में डूबे नजर आए, जहां जलनिकासी के इंतजाम दुरुस्त करने के दावे किए गए थे। वर्षा थमने के बाद भी कई सड़कों पर पानी जमा रहने से लोगों की परेशानी बनी रही।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, अगले कुछ दिन और वर्षा के आसार