गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, अगले कुछ दिन और वर्षा के आसार
मंगलवार सुबह गुरुग्राम में हल्की वर्षा हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ की समस्या देखी गई। हालांकि, सोमवार ...और पढ़ें
-1787662944847_m.webp)
गुरुग्राम में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति उत्पन्न।
HighLights
मंगलवार सुबह गुरुग्राम में हल्की वर्षा, कई इलाकों में जलभराव।
सेक्टर 9, 9ए, 31, 52 और बख्तावर चौक प्रभावित।
सुभाष चौक पर जल निकासी के बाद यातायात सामान्य।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सोमवार को हुई तेज वर्षा के बाद मंगलवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई। सुबह हुई वर्षा के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। सुबह आठ बजे तक शहर में करीब पांच एमएम वर्षा दर्ज की गई।
इसके बाद भी सुबह करीब दस बजे तक रुक-रुककर वर्षा होती रही। वर्षा के कारण कई इलाकों में हल्का जलभराव हुआ, जबकि सड़कों और गलियों में कीचड़ फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई सेक्टरों में सड़कों पर जमा हुआ पानी
वर्षा के बाद सेक्टर नौ, सेक्टर नौ-ए, सेक्टर चार, पांच, 31, 38, 39, 40, 45, 46, 51 और 52 सहित कई क्षेत्रों में हल्का जलभराव देखने को मिला। बख्तावर चौक के आसपास भी वर्षा का पानी सड़कों पर जमा रहा।
हालांकि जलभराव ज्यादा देर तक नहीं रहा और धीरे-धीरे पानी की निकासी हो गई। कई रिहायशी क्षेत्रों की गलियों में पानी और कीचड़ होने से पैदल चलने वालों तथा दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई।
सुभाष चौक पर नहीं हुई परेशानी
सोमवार को भारी जलभराव के कारण चर्चा में रहे सुभाष चौक पर मंगलवार को स्थिति सामान्य रही। यहां जलनिकासी होने के कारण वर्षा के बाद लोगों को किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सोमवार को यहां जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी और कई वाहन पानी में फंस गए थे। मंगलवार को पानी की निकासी होने के बाद चौक पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।
अगले दो-तीन दिन वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों में भी वर्षा होने का अनुमान है। ऐसे में सोमवार को हुई भारी वर्षा के बाद शहर में जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नगर निगम और जीएमडीए के सामने चुनौती बनी हुई है।
