गुरुग्राम की बारिश में बंद पड़ीं फॉर्च्यूनर-होंडा सिटी जैसी कारें; पानी से भरी सड़कों पर शान से चले ट्रैक्टर
गुरुग्राम में मूसलाधार वर्षा के बाद सड़कों पर भारी जलभराव से यातायात व्यवस्था चरमरा गई, जहां महंगी कारें फंसीं वहीं ...और पढ़ें
HighLights
मूसलाधार वर्षा से गुरुग्राम की सड़कों पर भारी जलभराव
होंडा सिटी, फॉर्च्यूनर जैसी कारें फंसीं, ट्रैक्टर बने सहारा
70-75 एमएम वर्षा, स्कूल बसें भी घंटों फंसी रहीं
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मूसलाधार वर्षा के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर जलभराव ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। होंडा सिटी और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी कारें जहां पानी में फंसती नजर आईं, वहीं ट्रैक्टर लोगों के लिए सहारा बन गए।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में ट्रैक्टर जलभराव वाली सड़कों से गुजरते और उनकी ट्रॉलियों में लोग सवार होकर अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते दिखाई दिए।

कारें फंसीं तो ट्रैक्टर से निकले लोग
भारी जलभराव के बीच कई सामान्य वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। ऐसे में लोगों ने ट्रैक्टरों का सहारा लिया। वायरल वीडियो में ट्रैक्टरों से पानी से भरी सड़कों को पार करते लोग नजर आए। कुछ जगह ट्रैक्टर की ट्रॉलियों में बड़ी संख्या में लोग बैठकर आवागमन करते दिखाई दिए।

जलभराव में ट्रैक्टर ही क्यों बने विकल्प
खेतों में काम करने के लिए बनाए गए ट्रैक्टरों का इंजन अपेक्षाकृत ऊंचाई पर होता है और एग्जास्ट भी ऊंचा होता है। इसके अलावा बड़े पहिये और 4x4 सिस्टम उन्हें पानी और गड्ढों वाली सड़कों पर आगे बढ़ने में मदद करते हैं। यही वजह रही कि जलभराव के दौरान जहां कई वाहन सड़कों पर फंस गए, वहीं ट्रैक्टर चलते दिखाई दिए।

70-75 एमएम वर्षा के बाद बिगड़े हालात
सोमवार दोपहर तक गुरुग्राम में करीब 70-75 एमएम वर्षा दर्ज की गई। राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई प्रमुख इलाके जलभराव से प्रभावित रहे।
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी यातायात की रफ्तार काफी धीमी हो गई। सामान्य तौर पर करीब 15 मिनट में तय होने वाली दूरी को तय करने में लगभग 50 मिनट तक लगे।

स्कूल बसें भी पानी में फंसीं
जलभराव के कारण स्कूल बसों समेत कई वाहन घंटों सड़कों पर फंसे रहे। वायरल वीडियो में पीली स्कूल बसें पानी से भरी सड़क पर खड़ी दिखाई दीं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों को लेकर चल रही करीब नौ बसें लगभग दो घंटे तक फंसी रहीं।

दूसरे दिन भी रेड अलर्ट जारी
भारी वर्षा के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लगातार दूसरे दिन रेड अलर्ट जारी किया था। एहतियात के तौर पर स्कूलों को बच्चों की छुट्टी जल्दी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद शहर में जलभराव और जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
