विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR वालों आज मिल सकती है लू और भीषण गर्मी से राहत, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

Published: Thu, 28 May 2026 05:29 AM (IST)Updated: Thu, 28 May 2026 09:32 AM (IST)

दिल्ली को भीषण गर्मी से बृहस्पतिवार शाम से राहत मिलने की उम्मीद है, जब गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।

बुधवार को दोपहर में बाबा खड़क सिंह मार्ग पर तेज धूप से बचाव के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधकर जाते बाइकसवार। चंद्र प्रकाश मिश्र

बुधवार को दोपहर में बाबा खड़क सिंह मार्ग पर तेज धूप से बचाव के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधकर जाते बाइकसवार। चंद्र प्रकाश मिश्र

HighLights

  1. दिल्ली को बृहस्पतिवार शाम से गर्मी से राहत।

  2. गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं संभव।

  3. शुक्रवार से तापमान में आएगी बड़ी गिरावट।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भीषण गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों से बेहाल राजधानी वासियों को बृहस्पतिवार की शाम से राहत मिलने के आसार हैं। दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि दिन में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी लेकिन शाम या रात के समय गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 28 डिग्री रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। बृहस्पतिवार के लिए यलो जबकि शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। शुक्रवार से तापमान में खासी गिरावट देखी जा सकेगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री जबकि न्यूनतम 23 डिग्री तक आ जाएगा। जून माह की शुरुआत में भी गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

मौसम विज्ञानियों का कहना है, 'पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण इस क्षेत्र में लू की स्थिति में राहत मिलने की संभावना है। पूर्व-पश्चिम दिशा में एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी बनने के आसार है।'

वहीं दूसरी ओर बुधवार को भी तेज धूप और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों की हालत खराब रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 44.3 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 26.2 डिग्री रहा।हवा में नमी का स्तर 56 से 14 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री के लिहाज से रिज क्षेत्र दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। लोधी रोड पर लू वाली स्थिति भी बनी रही।

बुधवार को दिल्ली में विभिन्न स्थानों का तापमान
स्थान अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
रिज 45.6 27.5
आयानगर 45.4 26.7
पालम 44.6 27.6
लोधी रोड 44.6 25.0
सफदरजंग 44.3 26.2

यह भी पढ़ें: रजिस्टर में नाम लिखवाएं या प्यास बुझाएं? दिल्ली सरकार की 'सुस्त' प्रक्रिया ने बढ़ाई गर्मी में परेशानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।