दिल्ली में खौफनाक वारदात: सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी बोली- सब ड्रामा कर रहे हैं
सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या के मामले में उनकी पत्नी रेखा पर गंभीर आरोप लगे हैं, जिसमें स्वजन का कहना है कि रेखा ने विनय की मां को बचाने से रोका और मदद नहीं की।

पत्नी के साथ मृतक सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता। फोटो: स्वजन
HighLights
पत्नी रेखा पर पति विनय की हत्या में शामिल होने का आरोप
विनय की मां को बचाने से रोका, मदद नहीं की
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मुकेश ठाकुर, जागरण, पश्चिमी दिल्ली। निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या के मामले में उनकी पत्नी रेखा पर स्वजन ने गंभीर और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं।
स्वजन का आरोप है कि जब विनय की मां हमलावरों से बेटे की जिंदगी की भीख मांग रही थीं, तब रेखा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया।
आरोप है कि विनय के गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी रेखा ने उसकी मदद नहीं की। वहीं, विनय की मौत की जानकारी मिलने पर रेखा ने कहा, “सब ड्रामे कर रहे हैं, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। मुझे डराने के लिए झूठ बोला जा रहा है।”
विवाद के बाद रेखा ने पिता और भाइयों को बुलाया
स्वजन के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा ने अपने पिता ज्ञान चंद, भाइयों राजकुमार और सोनू, एक भाई की पत्नी तथा दो अन्य लोगों को घर बुलाया। उस समय घर में विनय और उनकी मां मौजूद थीं।
विनय की मां नीचे ग्राउंड फ्लोर पर थीं। उनके मुताबिक, रेखा के पिता और भाई समेत अन्य लोग कार से घर पहुंचे और बिना उनसे कोई बातचीत किए सीधे पहली मंजिल पर स्थित विनय के कमरे में चले गए।
विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उनकी रेखा से शादी हुई थी और उन दोनों के करीब साढ़े चार माह के जुड़वां बच्चे(एक बेटा और एक बेटी) हैं।
कमरे से चीखने की आवाज सुनकर ऊपर पहुंचीं मां
कुछ देर बाद विनय की मां ने कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी। उन्हें लगा कि विनय को पीटा जा रहा है। इसके बाद उन्हें विनय की मदद के लिए आवाज सुनाई दी। वह ऊपर कमरे में पहुंचीं तो स्वजन के अनुसार वहां सभी लोग विनय को घेरे हुए थे और उसके साथ मारपीट कर रहे थे।
स्वजन का आरोप है कि रेखा पास में खड़ी थी और उन्हें रोकने के बजाय कथित तौर पर उकसा रही थी। विनय ने अपनी मां को देखकर कमरे से बाहर आने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि लोगों ने उसे पकड़ लिया।
मां को कमरे से बाहर करने का आरोप
स्वजन के मुताबिक, विनय की मां ने उसे बचाने की कोशिश की तो रेखा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। वह लोगों से विनय को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को आवाज लगानी शुरू की।
पड़ोसियों के आने की आहट होने पर सभी लोग वहां से भागने लगे। स्वजन के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपित उस कार को भी मौके पर छोड़ गए, जिससे वे वहां पहुंचे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, अभी विनय की मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह की जानकारी मिल सकेगी। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
