दिल्ली में मायके वालों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट उतारा, चार आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पत्नी के मायके वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी से विवाद के बाद बुलाए गए ससुराल पक्ष के लोगों ने विनय को बेरहमी से पीटा, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई; चार आरोपी गिरफ्तार।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या।
पत्नी से विवाद के बाद मायके वालों ने पीटा।
इलाज के दौरान विनय ने अस्पताल में दम तोड़ा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी द्वारा मायके वालों को बुलाए जाने और उनके पहुंचते ही सभी ने मिलकर 31 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए विनय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था और अपने माता-पिता के इकलौते बेटा था। करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी और उनके साढ़े चार माह के जुड़वां बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।
पत्नी से हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय और उनकी पत्नी रेखा के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पत्नी ने अपने मायके फोन कर स्वजन को बुला लिया। आरोप है कि रेखा के पिता ज्ञान चंद, भाई राजकुमार व सोनू, एक भाई की पत्नी और दो अन्य सहयोगियों के घर पहुंचते ही पहली मंजिल स्थित बेडरूम में विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
घटना के समय घर में केवल विनय की मां मौजूद थीं, जबकि पिता और बहन किसी काम से बाहर गए हुए थे। आरोप है कि विनय के चिल्लाने की आवाज सुनकर कमरे की ओर पहुंचीं मां ने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें खींचकर कमरे से बाहर कर दिया और विनय की पिटाई जारी रखी। अत्यधिक पिटाई से विनय लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
विनय के बेहोश होने के बाद आरोपित घर से निकलकर भागने लगे। जब बेटे को बचाने में असमर्थ दिखीं तो विनय की मां ने सहायता के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया जिससे पड़ोसियों को घटना की जानकारी हो गई। जिसके बाद पड़ोसी आने लगे।
लोगों को आते देख सभी हमलावर भागने, यहां तक कि वे जिस कार से आए थे उसे भी छोड़ पैदल ही भागने लगे। पर लोगों ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया, लेकिन दो आरोपित भागने में कामयाब रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
पिटाई से विनय उठने की स्थिति में नहीं थे। जिसके बाद पड़ोस के एक युवक ने विनय को पहली मंजिल से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर थी और वह खुद उठने की स्थिति में नहीं थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद मायके पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर विनय के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर चार आरोपितों को हिरासत में लिया है और बाकी फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
