दोनों हाथ बंधे, चेहरे पर चोट के निशान... दिल्ली में बुजुर्ग महिला की हत्या, लूटपाट का विरोध बना कारण?
दक्षिणी दिल्ली के पंत नगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला प्रीति कुमार की लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिचित के शामिल होने की आशंका जता रही है।

मृतका प्रीति कुमार।
HighLights
दक्षिणी दिल्ली में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या।
लूटपाट के बाद बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर मारा।
पुलिस को वारदात में किसी परिचित के शामिल होने का शक।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जंगपुरा के पंत नगर में शुक्रवार को अकेली रह रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला प्रीति कुमार को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटपाट की और फिर हत्या कर दी। आरोपितों ने हत्या से पहले बुजुर्ग के दोनों हाथ बांध कर उसे जम कर पीटा और फिर चाकू से वार कर फरार हो गए।
शरीर पर चोटों के निशान से कयास लगाए जा रहे हैं कि बुजुर्ग ने बदमाशों से खूब संघर्ष किया। वारदात के समय आरोपितों ने आस-पास के पांच घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे। शुक्रवार सुबह मां से मिलने घर पहुंची बेटी ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
मौके पर पहुंची हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में हत्या और लूटपाट की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से सीसीटीवी फुटेज बरामद हुए हैं, जिससे आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक प्रीति कुमारी निजी स्कूल में शिक्षिका थीं और सेवानिवृत होने के बाद वह वर्तमान में एक एनजीओ की मदद करती थीं। एनजीओ से जुड़े स्कूल में पढ़ाती थीं और उन्हीं के एक मेडिकल सेंटर में मरीजों की पर्ची बनाती थीं।
उनके पति की वर्ष 1985 में मौत हो चुकी है। परिवार में दो बेटियां हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। दोनों प्रीति के घर से कुछ ही दूरी पर अपने-अपने परिवार के साथ रहती हैं। दोनों अक्सर मां से मिलने और उनकी देखभाल के लिए घर आती-जाती रहती थीं।
जबकि महिला के भाई दिल्ली के मशहूर टेंट कारोबारी हैं। पुलिस के मुताबिक सुबह प्रीति की बड़ी बेटी विजेता ने पुलिस को फोन कर हत्या और लूट की सूचना दी। निजामुद्दीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।
उनके हाथ बांधे हुए थे और चेहरे पर चोट के कई गंभीर घाव थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के दौरान मामला लूटपाट का विरोध करने पर हत्या का लगा। घर से बदमाश कितनी नकदी और गहने लूट कर ले गए हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पायी है।
पंत नगर कालोनी में लगी सीसीटीवी कैमरों और पड़ोसियों के यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में बदमाशों को लेकर अहम सुराग मिले हैं, जिनकी मदद से पुलिस उनकी पहचान का प्रयास कर रही है।
किसी परिचित के भी शामिल होने का आशंका
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों की घर में फ्रेंडली एंट्री हुई है। ऐसे में पुलिस यह मान कर चल रही है कि वारदात में परिवार का कोई जानकार शामिल है। उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है।
ऐसे में वह खुद पहले घर में घुस गया और बाद में उसने अपने साथियों को आसानी से घर में प्रवेश करा दिया, जिससे पड़ोस में रहने वाले लोगों को बदमाशों के घर में घुसने की भनक तक नहीं लगी। बुजुर्ग महिला के शरीर पर चोंट के दर्जनों निशान हैं।
ऐसे में पुलिस अब महिला के घर में काम करने वाले, उनके जानकार और लगातार उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की सूची तैयार कर रही है। सभी जिससे सभी को पूछताछ के लिए बुलाया जा सके।
यह भी पढ़ें- गौरव हत्याकांड हापुड़: आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग तेज
यह भी पढ़ें- डीडी बार हत्याकांड: नीरज सिंह को अदालत से बड़ा झटका, जमानत याचिका खारिज; अब हाईकोर्ट जाएगा बचाव पक्ष
