Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    15 मिनट में नोएडा से फरीदाबाद, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का आखिरी 9 किमी हिस्सा तैयार; कल नितिन गडकरी करेंगे निरीक्षण

    Updated: Mon, 18 May 2026 10:39 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक नौ किलोमीटर के नवनिर्मित हिस्से का निरीक्षण करेंगे। ...और पढ़ें

    डीएनडी से जैतपुर पुश्ता रोड तक का काम पूरा हुआ।

    डीएनडी से जैतपुर पुश्ता रोड तक का काम पूरा हुआ।

    HighLights

    1. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे 9 किमी एक्सप्रेसवे हिस्से का निरीक्षण।

    2. डीएनडी से जैतपुर पुश्ता रोड तक का काम पूरा हुआ।

    3. फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की प्रगति भी देखेंगे।

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नौ किमी बचे हिस्से का भी काम पूरा हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को इस हिस्से का निरीक्षण करेंगे।

    डीएनडी की तरफ एक्सप्रेसवे पर एनएचएआइ ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। डीएनडी की ओर से आगे 7.50 किमी तक एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा एलिवेटेड है, जबकि आगरा कैनाल के आगे जैतपुर पुश्ता रोड तक 1.50 किमी सरफेस (समतल) है। मंत्रालय के मुताबिक, निरीक्षण की शुरुआत सराय काले खां की ओर से होगी।

    दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के तैयार हिस्से का निरीक्षण करने के साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी फरीदाबाद को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कार्य प्रगति भी देखेंगे।

    डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक इस नौ किमी हिस्से का काम 11 जनवरी 2022 को शुरू हुआ था। सितंबर 2025 में इसे पूरा करना था, पर आगरा कैनाल के ऊपर स्टील ब्रिज के निर्माण कार्य में विलंब के चलते यह विलंबित हुआ।

    एनएचएआइ के अधिकारियों के मुताबिक, 140 मीटर लंबा यह नेटवर्क आर्क ब्रिज अपनी तरह का देश का सबसे लंबा ब्रिज है। नेटवर्क आर्क ब्रिज मेट्रो क्रासिंग या नहरों के ऊपर बनाए जाते हैं। भार परीक्षण के बाद इस हिस्से को जून में शुरू किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले यह रिकार्ड 132 मीटर लंबाई का था।

    खबरें और भी

    एक्सप्रेसवे का 50 किमी हिस्सा पहले से है चालू

    दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का जैतपुर पुश्ता रोड से आगे फरीदाबाद सेक्टर-65 तक का 24 किमी का हिस्सा और सेक्टर-65 से आगे सोहना तक 26 किमी का हिस्सा पहले से ही चालू है। पीएम मोदी फरवरी 2023 में एक्सप्रेसवे के सोहना-दौसा खंड का उद्घाटन कर चुके हैं। डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का हिस्सा शुरू होने के बाद दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद के लोगों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और उनका समय भी बचेगा।

    15 मिनट में तय हो सकेगी नोएडा से फरीदाबाद की दूरी

    निर्माणाधीन फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 32 किमी है। यह फरीदाबाद को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जोड़ेगा। नौ किमी उत्तर प्रदेश की सीमा में है और 23 किमी हरियाणा की सीमा में है। सेक्टर-65 की तरफ से इसे आठ किमी एलिवेटेड बनाया जा रहा है, ताकि शहर का मास्टर प्लान प्रभावित न हो।

    उत्तर प्रदेश की सीमा में इसे एयरपोर्ट से लेकर हरियाणा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे तक सितंबर, 2026 और इसके आगे फरीदाबाद सेक्टर-65 तक के हिस्से का निर्माण कार्य जनवरी, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक की यात्रा महज 15 से 20 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

    यह भी पढ़ें: 43 डिग्री गर्मी में जानवरों की सुरक्षा; दिल्ली चिड़ियाघर में स्प्रिंकलर, तालाब और ग्रीन मैट के खास इंतजाम