दिल्ली-NCR में इस हफ्ते गर्मी पर लगा रहेगा ब्रेक, 18 मार्च को फिर बारिश के आसार
रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार ...और पढ़ें
-1773596615149_m.webp)
दिल्ली एनसीआर में 18 मार्च को बारिश के बन रहे आसार।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह तेज हवाओं संग हल्की बारिश हुई।
बारिश से तापमान में गिरावट आई, गर्मी का असर कम हुआ।
मौसम विभाग ने 18 मार्च को फिर बारिश का पूर्वानुमान जताया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। तेज हवाओं के साथ रविवार सुबह हुई हल्की वर्षा ने राष्ट्रीय राजधानी का मौसम ही बदल दिया। तापमान में तो गिरावट आई ही, दिन भर गर्मी के तेवर भी नरम ही रहे। हवाओं के असर से ठंडक भी बनी रही।कमोबेश यही स्थिति हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के भी विभिन्न हिस्सों में रही। मौसम विभाग की मानें तो 18 तारीख को फिर से वर्षा होने के आसार हैं। ऐसे में इस सप्ताह गर्मी के बढ़ने पर ब्रेक ही लगा रहेगा।
बादल तो राजधानी में शनिवार देर रात से ही छाए हुए थे। शनिवार रात साढ़े 11 बजे से रविवार तड़के ढाई बजे के बीच लोधी रोड, रिज और आयानगर में हल्की वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद फिर रविवार सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे के बीच सफदरजंग, पालम, पीतम पुरा, मयूर विहार, जनकपुरी और राजघाट के आसपास भी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलती रही।
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह एक दिन पहले की तुलना में तीन डिग्री कम है। शनिवार को यह 33.2 डिग्री रहा था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 18.8 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 80 से 43 प्रतिशत रहा। वर्षा शाम साढ़े पांच बजे तक 1.2 मिमी रिकार्ड हुई। सर्वाधिक वर्षा पीतमपुरा में 3.5 मिमी दर्ज हुई।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, 'पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ और पंजाब एवं हरियाणा से सटे मध्य पाकिस्तान में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने से मौसम बदला तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई।'
उन्होंने बताया कि यह इस मौसम की पहली मानसून-पूर्व वर्षा है, जो सामान्य से लगभग 10 दिन पहले आ गई है। 18 से 20 मार्च के बीच भी दिल्ली और एनसीआर सहित उत्तर भारत के आधे से अधिक राज्यों में वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा अगले कई दिन तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी और बादलों की आवाजाही भी चलेगी।
इस दौरान तापमान में भी अधिक वृद्धि नहीं होगी।
सोमवार को भी आंशिक बादल छाएंगे
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 15 डिग्री रहने की संभावना है।
वहीं दूसरी राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल बेहतर बनी हुई है। रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 175 दर्ज हुआ, इसे ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। हाल फिलहाल इसमेें अधिक बदलाव की गुंजाइश नहीं लग रही।
रविवार को अलग अलग इलाकों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) और शाम साढ़े पांच बजे तक की वर्षा (मिमी में)
दिल्ली इलाकों में तापमान और वर्षा
| इलाका | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) | वर्षा (mm) |
|---|---|---|---|
| सफदरजंग | 30.1 | 18.7 | 1.2 |
| पालम | 27.8 | 18.1 | 0.4 |
| लोधी रोड | 28.4 | 18.3 | 1.3 |
| रिज | 29.4 | 16.8 | बूंदाबांदी |
| आयानगर | 28.5 | 17.4 | 3.4 |
| राजघाट | 27.4 | 20.3 | 0.2 |
| पूसा | 28.7 | 17.6 | 0.5 |
| मयूर विहार | 26.6 | 18.5 | 1.0 |
यह भी पढ़ें- दिल्ली में रविवार को भी खुले पिंक कार्ड केंद्र, कामकाजी महिलाओं को मिली बड़ी राहत