Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में नकली खाने-पीने और रोजमर्रा के सामान का काला कारोबार, पुलिस की रेड में कई फैक्ट्रियों का खुलासा

    Updated: Sun, 05 Apr 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

    राजधानी दिल्ली में नकली खाद्य पदार्थ और दैनिक उपयोग के उत्पादों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। क् ...और पढ़ें

    कंझावला में पकड़ी गई नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने की फैक्ट्री से बरामद किया गया नकली पैकेजिंग मैटिरियल व टूथपेस्ट। (सौ- दिल्ली पुलिस)

    कंझावला में पकड़ी गई नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने की फैक्ट्री से बरामद किया गया नकली पैकेजिंग मैटिरियल व टूथपेस्ट। (सौ- दिल्ली पुलिस)

    HighLights

    1. दिल्ली में नकली खाद्य उत्पादों का कारोबार तेजी से बढ़ा।

    2. क्राइम ब्रांच ने नकली ईनो, टूथपेस्ट फैक्ट्रियां पकड़ीं।

    3. उपभोक्ताओं को FSSAI नंबर और पैकेजिंग जांचने की सलाह।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में नकली खाद्य पदार्थ और दैनिक उपयोग के नकली उत्पादों का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

    हाल के दिनों में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीमों द्वारा की गई छापेमारी में कई ऐसी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ हुआ है, जहां नकली ईनो, टूथपेस्ट, एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक, बिस्किट और अन्य खाद्य उत्पादों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था।

    जांच में सामने आया है कि आरोपित इन उत्पादों को तैयार करने के दौरान घटिया और हानिकारक केमिकल्स का इस्तेमाल करते थे, जो मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं।

    इन नकली उत्पादों का सेवन करने से लोगों को पेट से जुड़ी बीमारियों, एलर्जी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नकली और असली उत्पादों के बीच अंतर कर पाना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

    आरोपितों द्वारा उत्पादों की पैकेजिंग इतनी बारीकी से की जाती है कि आम उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि कई बार अधिकारी भी धोखा खा जाते हैं। यही वजह है कि छापेमारी के दौरान संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों को भी साथ रखा जाता है, ताकि मौके पर ही उत्पादों की सही पहचान की जा सके।

    कैसे होती है खाद्य उत्पादों की जांच 

    खाद्य उत्पादों की जांच दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जाती है, जो एफएसएसएआइ (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) के नियमों के तहत काम करता है। दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग करता है।

    खबरें और भी

    फूड सेफ्टी अधिकारी खाद्य पदार्थों के नमूने लेते हैं और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई शुरू करते हैं। नमूने का विश्लेषण सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं में किया जाता है। इसके अलावा नियमों के उल्लंघन (जैसे एक्सपायरी डेट बदलना या मिलावट) पर जांच और छापेमारी की जाती है।

    कैसे करें नकली खाद्य उत्पादों की पहचान l नकली उत्पादों में अक्सर ब्रांड नाम या जानकारी में गलतियां होती हैं। असली उत्पाद की पैकेजिंग साफ और शार्प होती है, नकली में धुंधली या सस्ती प्रिंटिंग हो सकती है। l ब्रांड का लोगो थोड़ा बदला हुआ या गलत हो सकता है। l

    मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को खुरचकर या ओवरप्रिंट करके बदला गया हो तो सावधान रहें। अगर डेट बहुत हाल की लग रही हो लेकिन पैक पुराना दिखे, तो यह नकली उत्पाद है। l हर खाद्य उत्पाद पर एफएसएसएआइ नंबर होना अनिवार्य है।

    इस नंबर को फूड सेफ्टी कनेक्ट एप या एफएसएसएआइ वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं। l अगर उत्पाद से अजीब गंध आ रही हो या रंग असामान्य लगे, तो इस्तेमाल न करें। स्वाद में बदलाव भी नकली या खराब होने का संकेत हो सकता है। l

    बहुत सस्ते दाम पर मिलने वाले "ब्रांडेड" उत्पादों से सावधान रहें। l कई कंपनियां अब क्यूआर कोड देती हैं उसे स्कैन करके प्रोडक्ट की जानकारी वेरिफाई करें।

    नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का हुआ था भंडाफोड़

    नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का हुआ था भंडाफोड़ हाल ही में क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। मौके से लाखों रुपये कीमत के नकली टूथपेस्ट, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गई थीं।

    इस मामले में फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार किया गया था, जो पिछले सात महीने से नकली उत्पाद बना रहा था। इस नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट की पैकेजिंग बिल्कुल मूल पैकेजिंग जैसी हालांकि इसके टेस्ट में फर्क था, जिससे इसके नकली होने की पुष्टि हो सकी।

    उधर, दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सामान खरीदते समय सतर्क रहें, उत्पाद की पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में बेचे जा रहे नकली Sensodyne का भंडाफोड़, गोदाम में बन रहा था घटिया टूथपेस्ट; लाखों का सामान जब्त