Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में बेचे जा रहे नकली Sensodyne का भंडाफोड़, गोदाम में बन रहा था घटिया टूथपेस्ट; लाखों का सामान जब्त

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 06:31 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने कंझावला में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लाखों रुपये का नकली टूथपेस्ट, खाली ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कंझावला में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़

    2. लाखों का नकली माल, मशीनें और कच्चा माल जब्त

    3. फैक्ट्री मालिक हरिओम मिश्रा गिरफ्तार, छह श्रमिक हिरासत में

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने बाहरी दिल्ली की कंझावला में चल रही एक ऐसी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाया जा रहा था।

    पुलिस ने इस फैक्ट्री से लाखों की कीमत के भारी मात्रा में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, कार्टन, फिलिंग और सीलिंग मशीन, कच्चा पेस्ट और पैकेजिंग का सामान बरामद करते हुए फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया है।

    गिरफ्तार आरोपित की पहचान सेक्टर-2, रोहिणी के हरिओम मिश्रा के रूप में हुई है। इसके अलावा मौके से छह श्रमिकों को भी हिरसात में लिया है। घटिया और नुकसानदायक नकली टूथपेस्ट से लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रा मटेरियल के सप्लायर और पूरे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

    खाली ट्यूब में भरा जा रहा था घटिया टूथपेस्ट 

    उपायुक्त पंकज कुमार के मुताबिक, दो अप्रैल को क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-1 टीम को सीक्रेट इनपुट मिला था कि कंझावला के एक गोदाम में ब्रांडेड सेंसोडाइन के नाम पर नकली टूथपेस्ट तैयार कर मार्केट में सप्लाई किया जा रहा है।

    सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने सीनियर अधिकारियों को अवगत कराया और एसीपी के सुपरविजन में टीम गठित कर रेड की योजना बनाई गई। कंपनी के अधिकृत रिप्रेजेंटेटिव राजेश कुमार को भी मौके पर बुलाया गया।

    रेड के दौरान गोदाम के अंदर छह श्रमिक नकली पेस्ट को ट्यूब में फिल करने, सील करने और पैकिंग करने में जुटे मिले। उनकी पहचान रवि कुमार, जितेंद्र यादव, अभिषेक कुमार, कोलेंदर यादव, सुमित कुमार और रोहित के रूप में हुई। पूछताछ में सभी ने बताया कि वे हरि ओम मिश्रा के लिए काम कर रहे थे।

    इसके बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपित हरि ओम मिश्रा को रोहिणी स्थित उसके घर से पकड़कर मौके पर लाई और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

    130 किलो नकली टूथपेस्ट बरामद 

    जांच में पता चला कि आरोपित ने सात महीने पहले गोदाम किराए पर लिया था और लोकल लेवल पर घटिया और अनहाइजीनिक पेस्ट तैयार कर रहा था, जिसे सेंसोडाइन के खाली ट्यूब में भरकर, सील कर और पैक कर ओरिजिनल प्रोडक्ट के तौर पर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

    खबरें और भी

    कंपनी के प्रतिनिधि ने मौके पर मौजूद प्रोडक्ट की जांच कर कन्फर्म किया कि यह पूरी तरह नकली है और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है।

    पुलिस ने मौके से ट्यूब फिलिंग और सीलिंग मशीन, हजारों की संख्या में खाली व भरे ट्यूब, कैप्स, कार्टन, प्रिंटेड टेप, हीटिंग गन, सुपर ग्लू और करीब 130 किलो फेक पेस्ट समेत अन्य सामान बरामद किया है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में सिलिंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी का भंडाफोड़, पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी