दिल्ली में नकली पनीर का बड़ा कारोबार, सरकार के पास नहीं ठोस आंकड़ा; ऐसे करें असली की पहचान
दिल्ली में पनीर की मांग और उत्पादन में भारी अंतर के कारण नकली पनीर का संगठित कारोबार बढ़ गया है। ...और पढ़ें

दिल्ली में नकली पनीर का बढ़ता कारोबार। AI जनरेटेड
HighLights
दिल्ली में पनीर की मांग और उत्पादन में बड़ा अंतर।
सरकार के पास पनीर आपूर्ति का ठोस आंकड़ा नहीं।
हाल ही में हजारों किलो नकली पनीर जब्त किया गया।
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रतिदिन कितने पनीर की मांग है, राजधानी में इसका कितना उत्पादन होता है और दूसरे राज्यों से कितनी आपूर्ति होती है, इसका ठोस आंकड़ा दिल्ली सरकार के पास है ही नहीं, जबकि यह जानकारी में है कि दिल्ली में दूध का उत्पादन कितना होता है।
वहीं, बावजूद इसके दिल्ली में प्रतिदिन पनीर की मांग, उत्पादन और बाहर से आने वाली आपूर्ति का सरकार के पास ठोस हिसाब का ना होना उसकी लापरवाही को दर्शाता है।
सरकारी तंत्र को पता ही नहीं
दिल्ली की मंडियों व बाजार में बाहर से आने वाले पनीर की वास्तविक मात्रा और उसके स्रोत की निगरानी केवल अनुमान आधारित है। सरकारी तंत्र यह पता ही नहीं कर पाता कि दिल्ली के बाजारों में बाहर से कितना पनीर आ रहा है, उसका स्रोत क्या है और उसे कहां खपाया जा रहा।
यह स्थिति तब है कि जब सरकार को पता है कि दिल्ली में करीब पांच लाख टन दूध का उत्पादन हो रहा है। वर्ष 2024-25 में दिल्ली में 4.14 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ।
दिल्ली में दूध की मांग
वहीं, वर्तमान में दिल्ली में दूध की मांग करीब पौने दो लाख लीटर प्रतिदन माना जाता है। दूध की मांग का अंतिम सरकारी आकलन वर्ष 2019 में 111 लाख लीटर प्रतिदिन का था।
इसके अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में प्रतिदिन 57 हजार किलो पनीर की मांग और कुल कारोबार करीब साढ़े चार करोड़ होने का आकलन है। इसके सापेक्ष दिल्ली में पनीर का कुल उत्पादन लगभग पांच हजार किलो ही बताया जाता है। ऐसे में 52 हजार किलो पनीर की आपूर्ति प्रतिदिन दूसरे राज्यों से होती है।
मुरादाबाद-संभल और मेवात तक से आपूर्ति
दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में पनीर की अधिकांश आपूर्ति मुरादाबाद, संभल, अलीगढ़, मेरठ, बुलंदशहर, हाथरस, फरीदाबाद और मेवात से होती है। मथुरा, पलवल, आगरा से भी दिल्ली पनीर भेजे जाने की बात भी सामने आई है।
दिल्ली में ओखला सब्जी मंडी, जनकपुरी छोटी सब्जी मंडी, आजादपुर मंडी, नांगलोई, द्वारका मोड़, उत्तम नगर और पूर्वी दिल्ली के थोक केंद्र आपूर्ति के प्रमुख बिंदु हैं। यहां से पनीर डेयरी, मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट और घरों तक पहुंचता है।
5 दिन में पकड़ा 6608 किलो नकली पनीर
22 से 26 अगस्त के बीच दिल्ली और दिल्ली लाया जा रहा कुल 6608 किलो नकली पनीर पकड़ा, 17 दिन में करीब सात हजार किलो नकली पनीर पकड़ा गया है, जिसे एनसीआर के शहरों में खपाया जाना था। इसमें कुछ दिल्ली में पकड़ा जबकि बड़ी मात्रा दिल्ली के बाहर से पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मिलावटखोरों पर शिकंजा, त्योहारों से पहले 508 किलो नकली पनीर नष्ट
2 माह कहां से पकड़ा गया कितना नकली पनीर
- 22 अगस्त, ग्रेटर नोएडा : अलीगढ़ से दिल्ली लाया जा रहा 400 किलो नकली पनीर नोएडा में पकड़ा गया
- 23 अगस्त, ग्रेटर नोएडा : मेवात से आया करीब 300 किलो नकली पनीर पकड़ा गया
- 24 अगस्त, ओखला : दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने 508 किलो नकली पनीर नष्ट किया
- 26 अगस्त, हापुड़ : तीन वाहनों से दिल्ली लाया जा रहा 5,400 किलो नकली पनीर पकड़ा
- 1 सितंबर, हापुड़ : दिल्ली लाया जा रहा 1,300 किलो नकली पनीर पकड़ा गया
- 8 सितंबर जनकपुरी छोटी सब्जी मंडी : पनीर के नमूनों में डिटर्जेंट मिलने के बाद 150 किलो पनीर नष्ट किया
ऐसे करें पहचान
- छूकर-असली पनीर नरम और हल्का दबाने पर टूटने वाला होता है। बहुत ज्यादा रबर जैसा, खिंचने वाला नकली
- तोड़कर-असली पनीर आसानी से टूटता है और अंदर से एकसार दिखाई देता है। बहुत ज्यादा चिकना या रबर जैसा नकली
- आयोडीन से-पनीर के छोटे टुकड़े पर आयोडीन की कुछ बूंदें डालें। नीला या नीला-काला रंग मिलावट की पहचान
- गंध व स्वाद-साबुन या रसायन जैसी गंध अथवा असामान्य स्वाद मिले तो नकली
क्या-क्या मिलाया जाता?
- वनस्पति तेल या सस्ती वसा
- पाउडर वाला दूध
- स्टार्च
- डिटर्जेंट
- चूना
