Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में कूड़े का विस्फोट: ऑनलाइन फूड डिलीवरी और पैकेजिंग से बढ़ा बोझ, 2027 का अनुमान 2026 में ही पार

    Updated: Tue, 14 Apr 2026 06:00 AM (IST)

    राजधानी दिल्ली में कूड़ा उत्पादन अनुमान से कहीं अधिक बढ़ गया है, 2027 का लक्ष्य 2026 में ही पार हो गया। प्रतिदिन 12847 मीट्रिक टन कूड़ा उत्पन्न हो रहा ...और पढ़ें

    राजधानी में आंकलन से ज्यादा उत्पन्न हो रहा है कूड़ा। (AI Generated Image)

    राजधानी में आंकलन से ज्यादा उत्पन्न हो रहा है कूड़ा। (AI Generated Image)

    HighLights

    1. दिल्ली में कूड़ा उत्पादन 2027 के अनुमान से पहले बढ़ा।

    2. ऑनलाइन फूड डिलीवरी, आबादी वृद्धि मुख्य कारण बताए गए।

    3. एमसीडी वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट क्षमता बढ़ा रही है।

    निहाल सिंह, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कूड़ा उत्पन्न होने की मात्रा इतनी तेजी से बढ़ रही है कि 2027 में उत्पन्न होने वाले कूड़े की मात्रा 2026 में ही पहुंच गई है।

    एमसीडी की दिल्ली सरकार को सौंपी गई ताजा रिपोर्ट के अनुसार राजधानी दिल्ली में कूड़ा उत्पन्न होने की मात्रा 11300 मीट्रिक टन प्रतिदिन की अपेक्षा में 12847 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो गई है।

    जबकि एमसीडी ने पूर्व में अनुमान लगाया था कि वर्ष 2027 दिल्ली में कूड़ा उत्पन्न होने की मात्रा 12803 होगी। यानि तय अनुमान से ज्यादा ही कूड़ा उत्पन्न दिल्ली में होने लगा है।

    ऑनलाइन फूड डिलीवरी को ठहराया जिम्मेदार

    एमसीडी के अधिकारी इसके लिए तेजी से बढ़ते आनलाइन फूड डिलीवरी और वस्तु पैकेजिंग को इसके लिए जिम्मेदार मानते हैं। साथ ही दिल्ली में बढ़ती आबादी भी इसके लिए जिम्मेदार है।

    हालांकि हाल ही में एमसीडी द्वारा चलाए गए विशेष सफाई अभियानों का भी यह असर माना जा रहा है। जिसकी वजह से दिल्ली में 1500 मीट्रिक टन अतिरिक्त कूड़ा उत्पन्न होने लगा है।

    एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एमसीडी ने खासतौर पर रेलवे ट्रेक के आस-पास जमे कचरे को साफ करने का अभियान चलाया। इसके अलावा एमसीडी और डीडीए के इलाकों में खाली प्लाट में भी जमा कूड़े को अभियान चलाकर साफ किया गया।

    राजधानी दिल्ली में 103 किलोमीटर रेलवे के ट्रेक है। जहां से 18 हजार मीट्रिक टन कूड़ा एमसीडी ने साफ किया है। जिसकी वजह से कूड़ा उत्पन्न होने की मात्रा बढ़ गई है।

    निगम कर रहा तैयारी

    अधिकारी ने बताया कि एक अध्ययन में यह बात सामने आई थी कि 2004 तक दिल्ली में जहां प्रति व्यक्ति 500 ग्राम कूड़ा उत्पन्न होता था वह 2014 में बढ़कर 600 ग्राम हो गया है।

    साथ ही आनलाइन डिलवरी के बढ़ते प्रचलन की वजह से इसकी मात्रा अब 650 से 700 ग्राम प्रति व्यक्ति होने की संभावना है।

    हालांकि अधिकारियों का दावा है कि वर्ष 2028 तक दिल्ली में 15,292 मीट्रिक टन प्रतिदिन कूड़ा उत्पन्न होने लगेगा। ऐसे में निगम इसके निस्तारण की क्षमता का मिलान करने के लिए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और मेटेरियल रिकवरी सेंटर के साथ ही खाद बनाने की क्षमता की वृद्धि कर रही है।

    कूड़ा उत्पन्न होने का अनुमान

    वर्ष कुल कूड़ा सूखा कूड़ा गीला कूड़ा
    2025 12069 7241 4828
    2026 12391 7435 4957
    2027 12803 7682 5121
    2028 13229 7938 5292

    अभी निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण (टन प्रतिदिन)

    प्लांट क्षमता (TPD)
    वेस्ट टू एनर्जी प्लांट ओखला 1550
    नरेला बवाना कूड़ा निस्तारण प्लांट 2500
    वेस्ट टू एनर्जी गाजीपुर 1300
    वेस्ट टू एनर्जी तेहखंड 2000
    सीबीजी प्लांट घोघा 100
    211 क्षेत्रीय कंपोस्ट पिट 543

    प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण योजना

    योजना क्षमता (TPD) समापन वर्ष
    ओखला वेस्ट टू एनर्जी विस्तार 1000 मार्च 2027
    नरेला-बवाना वेस्ट टू एनर्जी 3000 दिसंबर 2028
    गाजीपुर वेस्ट टू एनर्जी 2000 दिसंबर 2028
    तेहखंड वेस्ट टू एनर्जी विस्तार 1000 दिसंबर 2027
    बायो सीएनजी प्लांट ओखला 300 दिसंबर 2027
    सीएनजी प्लांट गाजीपुर 350 दिसंबर 2027

    यह भी पढ़ें- एक रूपये का लालच बिगाड़ रहा शहर की सूरत, जागरूकता के बाद भी शहर की सड़कों पर फेंका जा रहा कूड़ा

    यह भी पढ़ें- ढाई लाख लोगों की प्यास बुझाने वाली गौला पर सिस्टम की लापरवाही, नदी बनी कूड़ाघर