DU SOL Admissions 2026: यूजी और पीजी में दाखिले शुरू, अब WhatsApp पर मिलेगी हर अपडेट
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी ...और पढ़ें

डीयू एसओएल में 2026-27 के लिए यूजी-पीजी दाखिले शुरू।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्कूल आफ ओपन लर्निंग (एसओएल) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 14 जुलाई रात 11 बजे से आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार एसओएल ने दो नए पाठ्यक्रम एमबीए (हेल्थकेयर) और बीएससी कंप्यूटर साइंस भी शुरू किए हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस आफ ओपन लर्निंग (सीओएल) की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि बदलती रोजगार आवश्यकताओं और विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए इन दोनों नए पाठ्यक्रमों को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को ओपन और डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से रोजगारोन्मुखी शिक्षा का नया विकल्प मिलेगा।
इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने के लिए एडमिशन पोर्टल में वाट्सएप एपीआइ को जोड़ा गया है। इसके तहत अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर वाट्सएप के माध्यम से ओटीपी और प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण अपडेट भी प्राप्त होंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।
प्रो. मागो ने बताया कि एसओएल के चार व्यावसायिक पाठ्यक्रम एमबीए, मास्टर आफ लाइब्रेरी साइंस (एम. लिब. एससी.), बैचलर आफ लाइब्रेरी साइंस (बी.लिब.एससी.) और पीजीडीएडीएलएम में प्रवेश प्रक्रिया 17 जून से ही जारी है।
इसके अलावा, कैंपस आफ ओपन लर्निंग के ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (ओएलडीसी) में संचालित विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन खुले हैं। अभ्यर्थी जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटैलियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाओं के एक वर्षीय डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं। ये पाठ्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के जर्मनिक एंड रोमांस स्टडीज तथा ईस्ट एशियन स्टडीज विभाग के सहयोग से संचालित किए जा रहे हैं।
खबरें और भी
प्रो. मागो ने बताया कि जल्द ही इन विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों को आनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे देशभर के विद्यार्थी इनका लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: 'सबूत पेश करने में पूरी तरह विफल रहा अभियोजन पक्ष', अडकोली कोल ब्लॉक मामले में दोनों पूर्व अधिकारी बेदाग करार