दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए विदेश में पढ़ाई का सुनहरा मौका, जल्द शुरू होगा 'सेमेस्टर अवे प्रोग्राम'
दिल्ली विश्वविद्यालय स्नातक छात्रों को विदेश में एक सेमेस्टर पढ़ने का अवसर देने पर विचार कर रहा है। 'सेमेस्टर अवे प्रोग्राम' (एसएपी) का प्रस्ताव अकादम ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय जल्द शुरू करने जा रहा है समेस्टर अवे प्रोग्राम। फोटो: आर्काइव
HighLights
डीयू छात्रों को विदेश में एक सेमेस्टर पढ़ने का अवसर मिलेगा
'सेमेस्टर अवे प्रोग्राम' प्रस्ताव अकादमिक काउंसिल में पेश होगा
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को वित्तीय सहायता मिलेगी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातक छात्रों को जल्द ही अपनी डिग्री के दौरान विदेश में एक सेमेस्टर पढ़ने का अवसर मिल सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन अंडरग्रेजुएट करिकुलम फ्रेमवर्क 2022 के तहत विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ सेमेस्टर अवे प्रोग्राम (एसएपी) शुरू करने पर विचार कर रहा है। इस प्रस्ताव को बुधवार को होने वाली अकादमिक काउंसिल (एसी) की बैठक में रखा जाएगा।
यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो शैक्षणिक सत्र 2022-23 से दाखिला लेने वाले छात्र तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर में विदेश जाकर पढ़ाई, रिसर्च, इंटर्नशिप या ट्रेनिंग कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार छात्र विदेशी संस्थान में कम से कम 12 और अधिकतम 26 क्रेडिट अर्जित कर सकेंगे, जिन्हें उनकी डिग्री का हिस्सा माना जाएगा।
डीयू के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को अधिक शैक्षणिक लचीलापन और वैश्विक एक्सपोजर देना है। उन्होंने कहा कि यदि छात्र अपनी डिग्री की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करते हैं तो वे विदेश में प्रशिक्षण और इंटर्नशिप भी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के एजेंडा दस्तावेज के अनुसार, इस कार्यक्रम से छात्रों को बहुविषयक अध्ययन, आधुनिक शिक्षण पद्धति, अंतरराष्ट्रीय रिसर्च, प्रोजेक्ट्स और वैश्विक नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा। डीयू आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को इस कार्यक्रम के लिए वित्तीय सहायता देने पर भी विचार कर रहा है।