विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डूसू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी, अध्यक्ष पद पर 25; सचिव के लिए 24 दावेदार

Published: Thu, 10 Sep 2026 11:32 PM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतरिम सूची जारी कर दी गई ...और पढ़ें

डूसू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी।

डूसू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी।

HighLights

  1. डूसू चुनाव 2026-27 के लिए नामांकन की अंतरिम सूची जारी।

  2. अध्यक्ष पद पर 25, सचिव पद पर 24 नामांकन वैध पाए गए।

  3. विस्तृत सत्यापन और नाम वापसी के बाद अंतिम सूची आएगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026-27 को लेकर कैंपस में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। चारों केंद्रीय पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने प्रारंभिक जांच में सही पाए गए नामांकन पत्रों की अंतरिम सूची जारी कर दी है।

इसके अनुसार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 88 नामांकन पत्र शुरुआती जांच में वैध पाए गए हैं। हालांकि, यह सूची अभी अनंतिम है और दस्तावेजों के विस्तृत सत्यापन के बाद तस्वीर में बदलाव संभव है।

एबीवीपी की ओर से सात संभावित प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें आलोक अत्री, इशू मौर्य, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, रिया छावड़ी, तान्या मावी और यश डबास शामिल हैं। वहीं एनएसयूआई से विजय शंकर मीना, विशेष यादव, दीपांशु शौकीन, नम्रता चौधरी, जन्नत विश्नोई, गोपाल चौधरी और वीर चरथ के नाम भी शामिल हैं।

एसएफआई के स्टंजन और पारिजात का नामांकन हुआ

आइसा की अन्नया का नोमिनेशन हो गया। वहीं एसएफआई के स्टंजन और पारिजात का नामांकन हुआ है। वहीं आम आदमी पार्टी से संबधित एएसएपी की जानवी कटारिया और कुनाल त्यागी का नोमिनेशन नहीं हुआ है। वहीं पंकज कुमार और अस्मित पवार का हो गया है।

अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा 25 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए 20, सचिव पद के लिए 24 और संयुक्त सचिव पद के लिए 19 नामांकन पत्र प्रारंभिक जांच में सही मिले हैं। इस तरह सचिव पद पर दावेदारों की संख्या अध्यक्ष के बाद सबसे अधिक है। चारों पदों को मिलाकर बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में होने से चुनावी मुकाबला इस बार भी बहुकोणीय रहने के आसार हैं।

प्रारंभिक जांच के बाद जारी सूची को अंतिम नहीं माना जाएगा

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक प्रारंभिक जांच के बाद जारी सूची को अंतिम नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के दस्तावेजों और पात्रता का आगे विस्तृत सत्यापन किया जाएगा। किसी दस्तावेज में विसंगति या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित उम्मीदवार का नामांकन रद किया जा सकता है।

जिन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है और वे चुनावी मैदान से हटना चाहते हैं, उन्हें शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से लिखित आवेदन देना होगा। नाम वापसी के लिए डाक या प्रतिनिधि के माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद अंतिम प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही विभिन्न छात्र संगठनों ने प्रचार और जनसंपर्क की तैयारियां तेज कर दी हैं।

एबीवीपी में यश, इशू व लक्ष्य में से एक हो सकता अध्यक्ष उम्मीदवार

एबीवीपी से यश डबास, इशू मौर्य और लक्ष्य राज सिंह में से एक एबीवीपी का अध्यक्ष पद का उम्मीदवार हो सकता है। इन तीनों ने पिछले वर्ष भी अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए दावा ठोका था। वहीं एनएसयूआइ में विजय शंकर मीना और दीपांशु शौकीन अध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार है। एएसएपी के दृष्टिबाधित प्रत्याशी पंकज कुमार का नाम पक्का माना जा रहा है। वहीं आइसा और एसएफआइ के गठबंधन से किसी का नाम सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में एमसीडी का बड़ा एक्शन: 41 इमारतें ध्वस्त, 61 सील, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर